रायपुर(ईएमएस)। राजधानी में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आज पुंछ हमले में शहीद हुए 10 जवानों और 28 अन्य दिवंगतों को नमन करते हुए कहा कि जब तक आतंक का नामोनिशान मिट नहीं जाता, यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने राजधानी रायपुर में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर जय हिंद तिरंगा यात्रा की अगुवाई की और वीर जवानों को नमन किया। विकास उपाध्याय ने स्पष्ट शब्दों में कहा अब यह आर-पार की लड़ाई है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को जड़ से खत्म करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हमारी सेना का शौर्य दुश्मनों को जवाब देना जानता है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूरे देश में एक स्वर में जय हिंद तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सेना के मनोबल को मजबूती देना है। विकास उपाध्याय ने कहा हिंदुस्तान शांति और सद्भाव की धरती है, लेकिन जब किसी ने हमारे आत्मसम्मान को ललकारा है, हमने इतिहास में हर बार दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस और महात्मा गांधी की राह पर चलने वाला यह देश अब आतंक के खिलाफ निर्णायक मोड़ पर है उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा की गई यह कायरतापूर्ण हरकत देश की सहनशीलता की परीक्षा है, लेकिन अब समय आ गया है कि इसका ऐसा जवाब दिया जाए कि आतंक का समर्थन करने वाले देश तिलमिला उठें। विकास उपाध्याय ने अंत में कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर इस संकट की घड़ी में देश और सेना के साथ खड़ी है। वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा – देश एकजुट है, और जवाब अब निर्णायक होगा।