गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का पिता भी शामिल १० फरवरी को डीपी राय मैगनीज खदान में हुआ था हादसा हादसे में एक श्रमिक की हुई थी मौत बालाघाट (ईएमएस).जिले के तिरोड़ी पुलिस थाना अंतर्गत मिरगपुर ग्राम में स्थित डीपी राय की भूमिगत खदान में श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस ने खदान मालिक सहित ५ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में मृतक श्रमिक का पिता भी शामिल है। तिरोड़ी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2025 की देर रात्रि में मिरगपुर स्थित डीपी राय की भूमिगत खदान में रात्रिकालीन शिफ्ट में कार्य के दौरान चट्टान गिरने से श्रमिक आयुष पिता किशोर लिल्हारे उम्र २२ वर्ष मलबे में दब गया था। जिसके कारण वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए महाराष्ट्र राज्य ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना को खदान प्रबंधन द्वारा छिपाये जाने एवं पुलिस को सूचना ना देते हुये घटना के साक्ष्य छुपाते हुये झूठी कहानी गढ़ी गई थी। मौत को दुर्घटना का रंग दिया गया था। इतना ही नहीं थाने में झूठी जानकारी भी दी गई थी। मृतक के पिता ने भी घटना को छिपाया था। जिसने पुलिस को खदान में हुई दुर्घटना के तथ्यों को छुपाते हुये पेड काटने के दौरान मृत्यु होना पुलिस को बताया था, जो जांच में झूठा पाया गया। इस मामले की एक अन्य श्रमिक ने जब शिकायत की तो प्रकरण की पुन: जांच की गई। जांच में साक्ष्य छिपाने, झूठी जानकारी देना सामने आया। पुलिस द्वारा जांच के बाद राहुल पिता महेश शर्मा 58 वर्ष ग्राम पांडरवानी थाना तिरोड़ी, मुकेश पिता सुरजलाल ठाकरे 26 वर्ष गजपुर थाना कटंगी, अभिषेक राय पिता विभूतिभूषण राय 51 वर्ष रामदासपेठ नागपुर, मोहम्मद सलाउद्दीन पिता जुनूनमोहम्मद मलिक 34/ए गांधी लेआउट जफर नगर नागपुर महाराष्ट्र एवं मृतक के पिता किशोर पिता प्रेमचंद लिल्हारे 54 वर्ष वार्ड 16 गुडरूघाट थाना तिरोड़ी को धारा 106 (1), 239, 240, 61(2) बीएनएस 2023 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफतार किया गया। इनका कहना है इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चालानी कार्यवाही की जा रही है। हालांकि, यह मामला मेरे कार्यकाल का नहीं था। -कौशल सूर्या, थाना प्रभारी, तिरोड़ी भानेश साकुरे / १२ मई २०२५