क्षेत्रीय
17-May-2025


रायपुर(ईएमएस)। देश में संविधान और लोकतंत्र पर मंडराते संकट को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने जन-जागरूकता अभियान के तहत संविधान बचाओ यात्रा की शुरुआत की है। इसी कड़ी में 19 मई सोमवार को छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में एक विशाल संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में छत्तीसगढ़ प्रभारी महासचिव सचिन पायलट की अगुवाई में प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक जुटेंगे। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेशवासियों से इस रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आज जब देश में संवैधानिक संस्थाएं दबाव में हैं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता खतरे में है और नफरत की राजनीति के जरिए समाज में डर का माहौल फैलाया जा रहा है, तब हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान की रक्षा के लिए खड़ा हो। उन्होंने कहा जांजगीर की धरती से शुरू हो रही यह रैली सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा को बचाने का संकल्प है। उपाध्याय ने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी पूरे देश में संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अभियान चला रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभाएगा। उपाध्याय ने संवैधानिक संस्थाओं जैसे चुनाव आयोग, न्यायपालिका और सीबीआई की स्वायत्तता पर हो रहे हमलों और युवाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदी को चिंताजनक बताते हुए कहा कि ये केवल राजनीतिक घटनाएं नहीं, बल्कि सीधे-सीधे संविधान पर हमले हैं। उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा, लोकतंत्र बचेगा, तभी भारत बचेगा इसी संदेश को लेकर कांग्रेस का यह आंदोलन हर गांव, हर मोहल्ले तक पहुंचेगा। रैली में शामिल होने के लिए सभी नागरिकों से अपील करते हुए विकास उपाध्याय ने कहा जब संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी हर नागरिक सुरक्षित रहेगा। आइए, इस महाअभियान का हिस्सा बनें और बाबा साहब अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)17 मई 2025