राज्य
19-May-2025
...


मुंबई, (ईएमएस)। सोमवार सुबह मुंबई-गोवा राजमार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में मुंबई के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दुखद मौत हो गई। इस परिवार पर उस समय काल का तांडव मच गया जब वे अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। बताया गया है कि रत्नागिरी जिले के खेड़ के पास जगबुडी नदी पर बने पुल से एक तेज रफ्तार कार 100 फीट नीचे नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में सभी मृतक और घायल मुंबई से सटे मीरा रोड और नालासोपारा के निवासी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीरा रोड और नालासोपारा में रहने वाले कुछ लोग अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए कोंकण के देवरुख जा रहे थे। वे सभी सुबह-सुबह गांव पहुंच गये। खेड़ के जगबुडी पुल पर चालक की लापरवाही के कारण कार नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए जा रही मृतक की बेटी की भी इस दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही देवरुख गांव में मातम पसर गया। कार में विवेक श्रीराम मोरे, मिताली विवेक मोरे, निहार विवेक मोरे, श्रेयस राजेंद्र सावंत (भाई), परमेश पराड़कर, मेघा परमेश पराड़कर, सौरभ परमेश पराड़कर सवार थे। मिताली मोरे के पिता का निधन हो गया था। वह अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ अपनी मां के घर जा रही थी। इस हादसे में पांच लोगों मेधा परमेश पराडकर, सौरभ परमेश पराडकर (22), मिताली विवेक मोरे (45), निहार विवेक मोरे (19) और श्रेयस राजेंद्र सावंत (23) की मौत हो गई। पराडकर परिवार नालासोपारा में रहता था। जबकि मोरे परिवार मीरा-भायंदर में रहता था। मिताली मोरे के पिता की मौत की खबर सुनकर उनके सभी परिवार और रिश्तेदार अंतिम संस्कार के लिए रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे कार से देवरुख गांव के लिए रवाना हो गए। मुंबई-गोवा राजमार्ग पर भरणे नाका पर जगबुडी नदी पुल पर चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार 100 फीट नीचे नदी में गिर गई। दुर्घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर रत्नागिरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को बरामद कर लिया गया और गंभीर रूप से घायल परमेश पराडकर और विवेक मोरे को कलंबनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। संजय/संतोष झा- १९ मई/२०२५/ईएमएस