नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व दिशा की रेल यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। बिहार से आने वाली कई ट्रेनें घंटों देरी से राजधानी दिल्ली पहुंच रही हैं। इस वजह से उनके प्रस्थान समय में भी बदलाव करना पड़ रहा है। सहरसा से आनंद विहार आने वाली विशेष गरीब रथ एक्सप्रेस 11.45 घंटे के देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचेगी। इस कारण इसके प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा है। यह ट्रेन सुबह सवा पांच बजे की जगह अपराह्न तीन बजे चलेगी। नई दिल्ली-दरभंगा हमसफर विशेष दोपहर 12.15 बजे की जगह पांच घंटे के देरी से शाम सवा पांच बजे रवाना होगी। कई अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव होने की संभावना है। कई लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि बुधवार देर शाम आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण रेल परिचालन बाधित हुआ है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/22/ मई /2025