क्षेत्रीय
05-Jun-2025


रांची(ईएमएस)।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची मे नवनिर्मित सिरमटोली से राजेन्द्र चौक तक बने फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस फ्लाईओवर का नामकरण स्वर्गीय कार्तिक उरांव के नाम पर करने की भी घोषणा की।बहूचर्चित और बहुप्रतिक्षित रांची के सिरमटोली राजेन्द्र चौक को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनता को समर्पित किया। विधिवत पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपना वाहन ड्राइव करते हुए फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि रांची की जनता की यह पुरानी मांग थी, जिसे आज अमलीजामा पहना दिया गया है। इस फ्लाईओवर के बन जाने से रांची वासियों को बहुत सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने इस फ्लाईओवर का नामकरण स्वर्गीयकार्तिक उरांव के नाम पर करने की भी घोषणा की।इस अवसर पर वहाँ मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी की भावनाओं का ख्याल रखती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल का मतलब यह नहीं होनी चाहिए, कि किसी की भी बलि चढ़ा दी जाय। उन्होंने उपस्थित लोगों से फ्लाईओवर निर्माण पर उनकी प्रतिक्रिया भी जानने का प्रयास किया।मुख्यमंत्री ने मैया सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।इस परियोजना की नींव 19 अगस्त, 2022 को मुख्यमंत्री द्वारा रखी गई थी।इस परियोजना की मुख्य विशेषताओं में राज्य का पहला 132 मीटर लंबा एक्सट्रा-डोज्ड केबल-स्टे ब्रिज और 42 मीटर ऊंचे चार पायलन शामिल हैं, जो इसकी भव्यता को दर्शाते हैं। माइक्रो पाइल्स और फाउंडेशन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग ने सीमित स्थान और भूमिगत बाधाओं को पार करते हुए निर्माण को सफल बनाया। प्रीकास्ट पाइल कैप और प्रीकास्ट गर्डर्स ने सुरक्षा और गुणवत्ता के नए मानक स्थापित किए। सबसे उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के दौरान शून्य दुर्घटना का रिकॉर्ड कायम रहा, जो इसे न केवल एक संरचना बल्कि समर्पण और सुरक्षा का प्रतीक बनाता है। इस फ्लाईओवर के बनने से सिरम टोली चौक से राजेंद्र चौक तक की यात्रा का समय आधे घंटे से घटकर मात्र 5 मिनट रह गया है, जिससे रांची वासियों का बहुमूल्य समय बचेगा। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि झारखंड के विकास और भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है। फ्लाईओवर के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ मंत्री संजय यादव, नेहा शिल्पी तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई विधायक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/05जून/25