राष्ट्रीय
08-Jun-2025


एनडीए की मजबूती के लिए मेरी पार्टी 243 सीटों पर लड़ेगी चुनाव भोजपुर(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस सिलसिले में केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और यह लड़ाई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से लड़ी जाएगी। भोजपुर जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी भी तरह से एनडीए से अलग नहीं है, बल्कि उनका लक्ष्य गठबंधन को और अधिक मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी और मैं बिहार की 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे ताकि एनडीए को मजबूती मिले और हम एकजुट होकर विजय की ओर बढ़ें। उन्होंने अपने संबोधन में यह भी दोहराया कि एलजीपी (रामविलास) हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास रखती है। विनोद उपाध्याय / 08 जून, 2025