जबलपुर, शहडोल संभाग में वर्षा की संभावना जबलपुर, (ईएमएस)। बंगाल की खाड़ी से चला मानसून मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज कल में दस्तक देगा| फिलहाल मानसून की सक्रियता महाराष्ट्र में बनी हुई है और जबलपुर संभाग में प्री मानसून की बौछारें पड़ रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान मानसून जबलपुर संभाग में सक्रिय हो जाएगा और आजकल में झमाझम बारिश होने के आसार बन रहे हैं। फिलहाल, सोमवार को दिनभर तेज धूप रही और गर्मी बनी रही| पारा 38 डिग्री पर स्थिर रहा| शाम को आसमान पर बादल छाये। दिन में दो तीन दफा बूंदाबांदी हुई। उसके बाद उमस हावी रही| स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक पिछले 24 घण्टों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 38.0 सामान्य से 1 डिग्री अधिक न्यूनतम तापमान 25.0 सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रात:काल 68 प्रतिशत और सायं काल 44 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5.25 पर और सूर्यास्त सायं 6.58 पर हुआ। दक्षिणी पूर्वी हवाएं 5 से 6 किलो मीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से चलीं। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 39.05 और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गत वर्ष आज के दिन 0.06 मिमी बारिश हुई थी और कुल वर्षा का आंकड़ा 9.2 मिमी पर पहुंच गया था। जबकि इस वर्ष कुल वर्षा का आंकड़ा 6.5 मिमी पर पहुंचा है। अगले 24 घण्टों के दौरान जबलपुर और शहडोल संभाग में जबर्दस्त मानसूनी बारिश होने की संभावना है। सुनील साहू / मोनिका / 16 जून 2025/ 06.05