राज्य
16-Jun-2025
...


बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते पहुंचा; अबकी बार 106 प्रतिशत बारिश का अनुमान भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में सोमवार दोपहर बाद मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी। मानसून बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते प्रदेश में पहुंचा। इस बार मानसून 1 दिन लेट हो गया। पिछली बार 6 दिन की देरी से 21 जून को आया था। प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 15 जून है। चूंकि, इस बार देश में मानसून 8 दिन पहले ही आ गया था। इसलिए संभावना थी कि एमपी में यह जून के पहले सप्ताह में ही आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। महाराष्ट्र में एक ही जगह पर मानसून ठहरा रहा। इस वजह से यह आगे नहीं बढ़ा। दो-तीन दिन से मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ी। इसके बाद आज यह प्रदेश में छा गया। सोमवार दोपहर को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही हैं। इनमें बड़वानी, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, टीकमगढ़, अशोकनगर, रीवा समेत और जिले शामिल हैं। भारतीय मौसम विभाग ने जून से सितंबर यानी चार महीने तक प्रदेश में 104 से 106 प्रतिशत तक बारिश होने का अनुमान जताया है। यानी, इस बार प्रदेश में 40 इंच या इससे अधिक पानी गिर सकता है। 27 मई को मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया था। देश में 8 दिन पहले पहुंचा था मानसून इससे पहले मानसून ने देश में भी 8 दिन पहले दस्तक दी थी। वहीं, 26 मई को मानसून महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे समेत कई शहरों में 15 दिन पहले ही पहुंच गया था, जबकि यहां मानसून आने की सामान्य तारीख 10 जून तक है। हालांकि, इसके बाद मानसून एक ही जगह पर ठहर गया था। इस वजह से मध्यप्रदेश में आने में ज्यादा दिन लग गए। पहले मौसम विभाग ने 4 जून तक मानसून की एंट्री की संभावना जताई थी। एमपी में मानसून के एंटर होने की सामान्य तारीख 15 जून है। साल 2024 में यह 6 दिन लेट हो गया था। इन जिलों से एंट्री मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी मंडला, सिवनी, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर, बुरहानपुर, पांढुर्णा, बैतूल, बड़वानी के रास्ते से मानसून की हर साल दस्तक होती है। वहीं, ग्वालियर-चंबल में सबसे लेट पहुंचता है। साल 2024 की बात करें तो मानसून ने पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिले में प्रवेश किया था। इस बार भी इन्हीं जिलों से मानसून पहुंचा है।