-जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की ताकत -चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है –सीएम डॉ. यादव -ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी रक्षा उपकरण के प्रयोग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई- विष्णुदत्त शर्मा -देश के इतिहास, धर्म, परंपरा और संस्कृति को आगे ले जाने के लिए भाजपा का गठन हुआ-डॉ. महेन्द्र सिंह* भोपाल/पचमढ़ी (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सांसद एवं विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने द्वादश सत्र को संबोधित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सभी सांसद और विधायक हमेशा संगठन से जुड़े रहें, क्योंकि संगठन तब भी था, जब सत्ता नहीं थी। कार्यकर्ताओं को सम्मान दें और उनकी बात सुनें, क्योंकि भाजपा की असली ताकत जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है। जनता की सेवा हमारे डीएनए में है, हम जनसेवक हैं शासक नहीं है। जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की असली ताकत है। जनता का भरोसा जीतें और हर संकट के समय सबसे पहले जनता के बीच पहुंचें। अपनी सोच को बड़ा रखिए, अपनी दृष्टि को बड़ा कीजिए। महापुरूषों की विचारधारा को आगे बढ़ाकर राष्ट्र निर्माण का कार्य करें। हमारा उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं, जनता की सेवा है, इसलिए हमने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं इसलिए भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी। हमारे लिए राष्ट्र निर्माण और विचारधारा सबसे प्रथम है। मध्यप्रदेश का आदर्श कार्यकर्ता है, कभी मर्यादाएं नहीं तोड़ता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दिया जा सकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी रक्षा उपकरण के प्रयोग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी की विचारधारा राष्ट्र निर्माण करने वाले विचारों की श्रृखला है। पंच निष्ठाएं हमारे वैचारिक अधिष्ठान और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का आह्वान भी है। देश के इतिहास, धर्म, परंपरा और संस्कृति को आगे ले जाने के लिए भाजपा का गठन हुआ है। भाजपा की यात्रा में तीन चीजें नहीं बदलीं-प्रशिक्षण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीब कल्याण भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रशिक्षण की परंपरा सतत और प्राचीन है। यह पार्टी की कार्यशैली का अंग है। आज भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है और उसकी एक अलग पहचान है। लेकिन पार्टी की इस विकास यात्रा में तीन चीजें नहीं बदलीं। ये हैं-प्रशिक्षण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीब कल्याण की भावना। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग आप सभी के लिए पार्टी की वैचारिक यात्रा को समझने और आत्मसात, आत्मचिंतन करने का अवसर है। राजनाथ सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटलजी ने कहा था कि सत्ता प्राप्ति का उद्देश्य सिर्फ राष्ट्रसेवा होना चाहिए। हमारी जिस वैचारिक यात्रा का शुभारंभ डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय ने किया था वह आज भी जारी है और हमारे लिए राजनीति राष्ट्रनिर्माण का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी यह यात्रा आज भी चल रही है और भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। लेकिन हमने अपनी विचारधारा और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। हमारी नीयत और नीतियां आज भी वही हैं। हम अपने मूल विचार से भटके नहीं हैं। हमें जनसेवा को सबसे बड़ी साधना बनाना है भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जहां पहुंची है, उसमें हमारे पूर्वजों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पं.दीनदयाल जी ने हमें एकात्म मानववाद दिया, श्रद्धेय अटलजी ने हमें संयम सिखाया और श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। सभी जनप्रतिनिधियों को जनसेवा को सबसे बड़ी साधना बनाना है। यह प्रशिक्षण वर्ग इसी संकल्प को पुष्ट करने के लिए है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा राष्ट्र प्रथम की रही है। पं. दीनदयाल जी चुनाव हार गए, लेकिन उन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। आप कभी ऐसा आश्वासन न दें, जो पूरा न किया जा सकता हो और सिद्धांतों से समझौता न करें। यह प्रशिक्षण वर्ग इन सिद्धांतों की पुनरावृत्ति के लिए नहीं है, बल्कि उन्हें आज की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए है। हमें यह लगातार चिंतन करना होगा कि संगठन कैसे मजबूत हो, संवाद कैसे गहरा हो, हमारी विचारधारा और पारदर्शिता को कैसे बनाए रखा जाए। शालीनता, विनम्रता और दृढ़ता के साथ राजनीति करें और याद रखें हम सिर्फ कानून बनाने या बदलने वाले नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बदलने वाले हैं। आपको जो पद मिला है, वह वास्तव में बड़ी जिम्मेदारी है, जनसेवा के लिए है। वह भारत को शक्तिशाली, विकसित और समावेशी राष्ट्र बनाने के लिए है। विकसित भारत हमारा संकल्प केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विकसित भारत हमारा लक्ष्य नहीं, बल्कि संकल्प है। भारत को आत्मनिर्भर, समावेशी और गौरवशाली राष्ट्र बनाने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है। देश आज सुरक्षित है और सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारी अर्थव्यवस्था 11 वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचने जा रही है और ये बात सिर्फ आंकड़ों की नहीं है, बल्कि बदलाव जमीन पर दिखाई देता है। देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में अब हम एक निर्यातक देश के रूप में उभर रहे हैं। भारत अपनी संप्रुभता और अखंडता की रक्षा करने में कोई समझौता नहीं करेगा, हमने यह ऑपरेशन सिंदूर में भी देखा है। विचार, मूल्यों की राजनीति भाजपा की पहचान केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने कहा कि पं. दीनदयाल जी जैसे नेताओं ने विचार और मूल्यों की राजनीति को स्थापित किया। आज भी हमारा कार्यकर्ता चुनाव हार सकता है, लेकिन विचार से नहीं हटता। यही वजह है कि भाजपा एक साधारण दल नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी विभाग के मंत्री हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि वे विभाग प्रमुख नहीं, बल्कि जनसेवक हैं। मंत्री की कुर्सी सेवा की चौकी है। नीतियों में समरसता दिखाई देना चाहिए, तुष्टिकरण नहीं। हमारे लिए सारी दुनिया एक परिवार है, ऐसे में जाति-पंथ के आधार पर कैसे हो सकता है? याद रखे विचारधारा के बिना सत्ता दिशाहीन हो जाती है। हमें हमेशा यह याद रखना चाहिए कि हमारा जन्म सत्ता के गलियारों में नहीं, बल्कि संघर्षों की आंच में हुआ है। संगठन द्वारा सौंपे गए हर कार्यो को हम पूरी निष्ठा से संपन्न करते हैं- डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा सरकर का या संगठन का जो भी दायित्व हम कार्यकर्ताओं को सौंपा जाता है, हम लोग उसे पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पूर्ण करते हैं। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की परम्परा एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति के चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाता है। यह प्रक्रिया व्यक्ति को समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है और व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब व्यक्ति अपने चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करते हैं, तो वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद कर सकते हैं। मध्यप्रदेश में श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी एवं स्वर्गीय राजमाता सिंधिया ने अलग पहचान बनाकर पार्टी के विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आंतकवाद को नेस्तानाबूत करके दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। भारतीय जनता पार्टी ने विकास से लेकर विरासत को संजोया है, हमने इंदौर व पंचमढ़ी में कैबिनेट बैठक आयोजित की। मध्यप्रदेश ने अनेकों निवेश के अवसर खोजे हैं। मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने पराक्रम दिखाकर इतिहास रचा - विष्णुदत्त शर्मा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि यह हम सभी को गौरवान्वित करने वाला क्षण है कि आज हमें भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा विशेषज्ञों के साथ स्वदेशी रक्षा सामग्री का प्रयोग कर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश की सेनाओं और स्वदेशी मिसाइलों ने ऑपरेशन सिंदूर में पराक्रम दिखाकर इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवाद को नेस्तानाबूत करने का काम किया है। आज रक्षा क्षेत्र में भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है, हमारी सेनाएं और रक्षा उपकरण स्वदेशी होने के साथ ही आधुनिक भी हैं। भाजपा का विकास और विस्तार कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के परिश्रम और पुण्य का प्रतिफल-डॉ. महेन्द्र सिंह भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने वर्ग के द्वादश सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का विकास और विस्तार कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के परिश्रम और पुण्य का प्रतिफल है। भाजपा की विचारधारा केवल चुनाव जीतने की दृष्टि से गढ़ी गई रणनीति नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण करने वाले विचारों की श्रृंखला है। देश के आजाद होने के बाद जवाहरलाल नेहरू की सरकार में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी उद्योग मंत्री बनाए गए थे। लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने वर्ग विशेष के दबाव में उन्हें लाभ पहुंचाने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगा दी। जब नेहरू सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को तैयार नहीं हुई तो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने मंत्री पद त्याग कर आंदोलन शुरू कर दिया। वे धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन करते हुए गिरफ्तार हुए और रहस्यमय तरीके से जेल के अंदर उनकी मौत हो गई। पार्टी की विचाधारा जिसके लिए हम अपना सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, लेकिन समझौता नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद विकास के साथ विरासत को भी सहेजने का कार्य शुरू हुआ। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा था कि देश में अंग्रेजों के बनाए कानून नहीं चलेंगे, इसके लिए भारतीय न्याय संहिता लागू की गई। नौसेना के झंडे में परिवर्तन किया गया। नया संसद भवन का निर्माण हुआ, राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्यपथ रखा गया और इंडिया गेट पर जार्ज पंचम की प्रतिमा हटाकर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा लगाई गई। इसी प्रकार प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गुलामी के प्रतीकों को खत्म करने की दिशा में अनेक महत्पूर्ण कार्य किए हैं। भगवान श्रीराम के जन्मस्थान जो पहले फैजाबाद था उसे बदलकर अयोध्या किया गया। देश विरासत से विकास की ओर बढ़ रहा है हमें हमारी विरासत पर गर्व है। राष्ट्रवादी विचारों के लिए कार्य करने पार्टी की आवश्यकता महसूस होने पर भाजपा बनी भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाए जाने के बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को देश में एक ऐसी पार्टी की आवश्यकता महसूस हुई, जो देश देश के इतिहास, धर्म, परंपरा और संस्कृति से जुड़ी हुई हो, तब उन्होंने जनसंघ की स्थापना की। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने इस दल की विचारधारा के बीज बोए। उन्होंने कहा था कि यह पार्टी संगठन के आधार पर चलने वाली पार्टी होगी, जिसकी आत्मा उसके कार्यकर्ता होंगे। सरकार बनाना हमारा लक्ष्य नहीं होगा, बल्कि हम अपने सिद्धांतों के लिए सरकार बनाएंगे। जनसंघ से भाजपा तक न हमारी विचारधारा बदली है न हमारी कार्य संस्कृति बदली है। हमारी पार्टी की विचारधारा का आधार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत हैं। पंच निष्ठाएं हमारे वैचारिक अधिष्ठान हैं, इन पर चलकर हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। आज जनसंघ से ही बनी हमारी भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए कोई व्यक्ति, वंश या गुट नहीं, केवल राष्ट्र और राष्ट्रहित ही सर्वोपरि होता है। भारत 2047 तक विश्व का सबसे विकसित राष्ट्र बनेगा, हम सब इसी भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब कोई भी योजना लागू करते है तो पंचनिष्ठा को आगे रखकर सुनिश्चित करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से भारत को अगले 25 वर्षों तक के अमृतकाल के लिए पंच प्रण दिए। ये पंच प्रण केवल संकल्प नहीं है, बल्कि यह भाजपा के लिए कार्यसूची बन गए। नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे तब देश की अर्थव्यवस्था 11 वे स्थान पर थी और आज चौथे स्थान पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत को लेकर गरीबी की शून्यता के लिए 54 करोड लोगों के बैंक में खाते खुलवाएं, 4 करोड लोगों का घर दिया, 10 करोड लोगों का गैस कनेक्शन दिया। 12 करोड किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि पहुंचा दिया। आज 25 करोड लोग गरीबी रेखा से उपर आ गए है। देश की जनता के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए 5 लाख तक के ईलाज के लिए आयुष्मान कार्ड दिया है। आज भारत की सैन्य शक्ति दुनिया में चौथे स्थान पर है। आज भारत चंद्रयान के द्वारा चांद पर पहुंच गया है और अब सूर्य तक पहुंचने की तैयारी है। हमारी सरकार मोदी जी के पंच प्रणों के संकल्प को आत्मसात कर निरंतर आगे बढ़ रही है। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरूगन, श्रीमती सावित्री ठाकुर, जॉर्ज कुरियन, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे। संचालन प्रदेश महामंत्री एवं सांसद सुश्री कविता पाटीदार एवं आभार प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने माना।