20-Jun-2025
...


केंद्रीय मंत्री शाह ने दो टूक कहा, जंग से भारत को कोई खतरा नहीं नई दिल्ली,(ईएमएस)। ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध से भारत को कितना खतरा? इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करोड़ों देशवासियों को बड़ा संदेश दिया है। एक बातचीत के दौरान उन्होंने व्यापार, निवेश, अर्थव्यवस्था से लेकर दुनिया में चल रहे युद्ध पर दो टूक जबाव दिया है। उन्होंने कहा है कि दुनिया में जो उथल-पुथल मची है, उससे भारत को कोई खतरा नहीं होगा। उनके अनुसार, भारत दुनिया भर में निवेश करने के लिए सबसे सुरक्षित और बेहतरीन जगह है। उन्होंने कहा कि भारत में स्थिर लोकतंत्र है, इतना ही नहीं हमारी सरकार की नीतियां एकदम साफ हैं। दुनिया में अभी जो सुरक्षा को लेकर चिंता है, यह देखकर भारत सबसे अच्छी जगह है। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में ग्राहक हैं। हमारे पास दिमाग और युवा हुनर की कोई कमी नहीं है। उनके अनुसार, दुनिया में जो उथल-पुथल हो रही है, हमारी सरकार भारत के लिए एक सुनहरा मौके के रुप में देख रही हैं। बीजेपी के चाणक्य शाह ने माना कि कुछ परेशानियां जरूर हैं, लेकिन भारत उन परेशानियों से निपटने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कोई भी देश बिना मुश्किलों का सामना किए आगे नहीं बढ़ा है। भारत भी तरक्की के रास्ते पर है और एक बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। शाह ने कहा कि अगर विकास दर 8 प्रतिशत तक नहीं पहुंचती है, तब भी भारत एक विकसित देश बनने का लक्ष्य हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि विकास दर को दुनिया की अर्थव्यवस्था के हिसाब से देखना चाहिए। आज के समय में भारत की विकास दर दुनिया की विकास दर से बहुत अलग नहीं हो सकती। भारत दुनिया की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं के साथ सीधा मुकाबला कर रहा है, इसलिए विकास दर उसी के करीब रहेगी। शाह ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद हर देश की अर्थव्यवस्था धीमी पड़ी थी। लेकिन भारत ने न केवल अपनी विकास दर को बनाए रखा, बल्कि पिछले सात-आठ सालों में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भी रहा। उन्होंने कहा कि जब 8 प्रतिशत विकास दर का अनुमान लगाया गया था, तब दुनिया की आर्थिक स्थिति कुछ और थी। कुछ लोगों का मानना है कि भारत से निवेश बाहर जा रहा है। इस पर शाह ने कहा कि यह अच्छी बात है कि भारतीय कंपनियां अपना कारोबार बढ़ा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 11 सालों में एफडीआर (फॉरेन डायरेक्ट निवेश) 143 प्रतिशत बढ़कर 749 बिलियन डॉलर हो गया है। जबकि यूपीए सरकार के समय में यह आंकड़ा कम था। उन्होंने कहा कि हमें नकारात्मक माहौल नहीं बनाना चाहिए। हमें भारतीय कंपनियों के विस्तार की सराहना करनी चाहिए। एफडीआई का मतलब है जब कोई विदेशी कंपनी भारत में आकर पैसा लगाती है। शाह ने कहा कि भारत सरकार देश को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे देश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि भारत बहुत जल्द दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा। भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इसके लिए सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है और लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। आशीष दुबे / 20 जून 2025