20-Jun-2025
...


सीवान में रैली को संबोधित कर विरोधियों पर बरस नीतीश सीवान (ईएमएस)। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में लालू-राबड़ी के शासनकाल की याद दिलाकर विपक्ष पर जोरदार कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि याद करे पहले कुछ नहीं था। 2005 में एनडीए की सरकार आने से पहले लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे। बहुत बुरा समय था पूरे बिहार में जंगलराज था। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधकर कहा कि आज ये लोग अनाप-शनाप प्रचार कर रहे हैं, वहां एकदम बिना मतलब का है। नीतीश ने कहा कि आप सब लोगों को मालूम है कि 2005 में जब एनडीए की सरकार बनी तब से हम लोगों ने पूरे बिहार के लिए काम किया। लेकिन हमसे पहले वाले लोग चारों ओर बिना मतलब के अनाप-शनाप प्रचार करते हैं। उन लोगों की सरकार में कोई काम नहीं हुआ। उस समय लोग घर से बाहर नहीं निकाल पाते थे। इतना बुरा हाल था। और अभी आप देख रहे हैं कि इतनी बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं और महिलाएं भी आई हैं। आप सब लोग प्रधानमंत्री मोदी जी का भाषण सुनने के लिए आए हैं। इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं भी आई हैं। यह बदलते बिहार की तस्वीर है। सीएम नीतिश ने कहा कि जब हम लोगों की सरकार आई, हमारी सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाया। उन्हें 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया जब। मौका मिला बिहार के अंदर महिलाओं के विकास के लिए काम किया। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया। राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण हुआ। हर घर नल का जल पहुंचाया गया। गांवों के टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम हुआ। जो नए मोहल्ले बनाए गए उन्हें सड़कों से जोड़ा गया। हर घर शौचालय हर घर नल का जल पर काम किया जा रहा है। युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का काम हमारी सरकार में किया गया। मैंने खुद पूरे प्रदेश में घूम घूम कर विकास का काम देखा और जो गड़बड़ी मिली ठीक कराया। नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई। आज सीवान गोपालगंज के लिए कई योजनाओं को की स्वीकृति मिलने वाली है। केंद्र सरकार से आप लोगों के लिए क्या-क्या काम हुआ यह याद रखना चाहिए। केंद्र सरकार ने जुलाई 24 के बजट में बिहार को विशेष सहायता का पैकेज दिया। बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि की घोषणा की गई। फरवरी 2025 में बजट में बिहार में मखाना बोर्ड की घोषणा की गई। कोशी नहर के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा हुई। आशीष दुबे / 20 जून 2025