20-Jun-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। वहीं निधन के सात दिन बाद संजय कपूर का गुरुवार को दिल्ली में अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान उनकी एक्स पत्नी करिश्मा कपूर अपने दोनों बच्चों बेटी समायरा और बेटे कियान के साथ मौजूद थीं। संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव भी परिवार के साथ मौजूद थी। बता दें कि संजय कपूर का अंतिम संस्कार दिल्ली में लोधी रोड शमशान घाट पर किया गया। इस दौरान करिश्मा कपूर अपने दोनों बच्चों के संग बेहद भावुक नजर आईं। पिता की अंतिम यात्रा के दौरान दोनों बच्चे कियान और बेटी समायरा मां के गले लगकर फूट-फूटकर रोए। इस दौरान करिश्मा की आंखों से भी आंसू छलक पड़े थे। इस दौरान उनकी बहन करीना और जीजा सैफ अली खान ने उन्हें संभाला। करीना भी इस दौरान काफी इमोशनल दिख रही थीं। दरअसल संजय कपूर ने तीन शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी नंदिता महतानी से उनका शादी के चार साल बाद ही तलाक हुआ था। इनका कोई बच्चा नही हैं। साल 2003 में संजय और करिश्मा कपूर शादी के बंधन में बंधे थे। इनके दो बच्चे हैं बेटी समायरा और बेटा कियान। हालांकि साल 2016 में इनका भी तलाक हुआ था। साल 2017 में संजय ने प्रिया सचदेव से शादी की थी। इनका एक बेटा अजारियस है। लेकिन बिजनेसमैन के अंतिम संस्कार की सभी रस्में उनके और करिश्मा कपूर के 15 साल के बेटे कियान ने की। कियान ने ही पिता को मुखाग्नि दी थी। संजय कपूर की प्रेयर मीट 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में शाम 4 से 5 बजे के लिए रखी गई है। प्रेस नोट में संजय कपूर की मां रानी सुरिंदर कपूर, प्रिया सचदेव और उनके बच्चे और करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों का नाम मेंशन था। आशीष दुबे / 20 जून 2025