क्षेत्रीय
23-Jun-2025


संचालक द्वारा जड दिया जाता है ताला, परेशान होते रहते है क्षेत्र के अन्य व्यापारी छिंदवाड़ा (ईएमएस)। शहर में इन दिनों नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर व्यापार करना, दुकान बनाना, मकान बनाना आम बात हो गई है। कब्जेधारियों द्वारा अधिकारियों से सांठगांठ कर निगम की खाली पड़ी जमीन पर बड़ी ही आसानी से कब्जा कर अपने उपयोग में लिया जा रहा है। ऐसा ही कारनामा इन दिनों आदिल होटल के संचालक द्वारा किया गया। दरअसल आदिल होटल के बगल में एक सार्वजनिक टॉयलेट बनाया गया था। ताकि क्षेत्र के व्यापारियों को प्रसाधन के लिए इधर उधर ना जाना पड़े। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक टॉयलेट बनाने के लिए ही अनुमति प्रदान भी की गई थी। लेकिन टॉयलेट बनाने के कुछ दिन बाद ही होटल संचालक द्वारा सार्वजनिक टॉयलेट पर कब्जा कर लिया गया। अब यह सार्वजनकि टॉयलेट केवल होटल संचालक के उपयोग में ही आता है। इतना ही नहीं संचालक द्वारा टॉयलेट पर अपना ताला भी जड़ दिया गया है। जिसकी वजह से क्षेत्र के अन्य व्यापारी इस टॉयलेट का उपयोग नहीं कर पाते है। स्थानीय व्यापारी कर रहे विरोध सार्वजनिक टॉयलेट पर कब्जा कर उसे पर्सनल उपयोग में लिए जाने के कारण स्थानीय व्यापारियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। क्षेत्र में दूसरा कोई टॉयलेट ना होने की वजह से व्यापारियों को इधर उधर भटकना पड़ रहा है। क्षेत्र वासियों द्वारा कई बार इस बारे में शिकायते भी की जा चुकी है लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान देने को खाली नहीं है। इस वजह से व्यापारियों में आक्रोश पनप रहा है। ईएमएस/ 23 जून 2025