क्षेत्रीय
24-Jun-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। वहीं 24 जून से 28 जून के बीच मुंबई के समुद्र में हाई टाइड आएगा और समुद्र की लहरें साढ़े चार मीटर से ज्यादा ऊपर उठेंगी। इसलिए मुंबई मनपा ने अलर्ट जारी किया है कि इस दौरान कोई भी नागरिक समुद्र तट पर न जाए। मनपा प्रशासन ने यह भी कहा है कि चूंकि अगले चार से पांच दिनों तक मुंबई में भारी बारिश होगी, इसलिए नागरिकों को सावधानी के साथ घर से बाहर निकलना चाहिए। आपको बता दें कि इस साल मई के महीने में ही मानसून सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है। इसलिए अगले कुछ महीनों में समुद्र में हाई टाइड आएगा। यह आने वाला टाइड 19वां सबसे ऊंचा टाइड होगा इसके मद्देनजर मुंबई महानगरपालिका ने अलर्ट जारी किया है। इसमें नागरिकों को ज्वार (हाई टाइड) के दौरान समुद्र तट पर न जाने की चेतावनी दी गई है। मुंबई महानगरपालिका ने यह भी जानकारी दी है कि 26 जून को समुद्र तट पर बड़ी लहरें उठेंगी। मुंबई महानगरपालिका द्वारा दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की जा रही है। महानगरपालिका ने आपातकालीन प्रबंधन विभाग के माध्यम से इस मानसून के दौरान आने वाले बड़े ज्वार का विवरण भी घोषित किया है। स्वेता/संतोष झा- २४ जून/२०२५/ईएमएस