राष्ट्रीय
24-Jun-2025


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक हेडमास्टर कोल्डड्रिंक की बोतल में शराब लेकर सरकारी स्कूल में नशे की हालत में पहुंच गया। और क्लास में ही पैग बनाकर पीने बैठ गया। इसी दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। उन्होंने शिक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक डौंडी ब्लॉक के ग्राम चिपरा स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक सरजू राम ठाकुर नशे में स्कूल पहुंचा था। उसकी हालत देखकर स्कूल के कुछ पालकों ने नाराजगी जताई और भाजपा नेताओं को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुसुमकसा के भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिन्हा अपने कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल पहुंचे। सभी ने शिक्षक को शराब पीते पकड़ा। प्रधान पाठक सरजू राम ठाकुर से भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पूछा कि, शराब पीकर स्कूल क्यों आए हैं? इस पर शिक्षक ने जवाब दिया कि, मैं तो रिटायर हो चुका हूं। इसके बाद तत्काल बीईओ और कलेक्टर को इसकी जानकारी दी गई। सुबोध\२४\०६\२०२५