राष्ट्रीय
25-Jun-2025


2019 में मिजोरम के रास्ते अवैध रूप से भारत में किया था प्रवेश मुंबई,(ईएमएस)। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर म्यांमार नागरिक को हिरासत में लिया गया है जो जाली भारतीय दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से भारत में रह रहा था। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान यू थांग सोए लियान (34) के रूप में हुई, जो बोइतलुंग सायमन के फर्जी नाम से दिल्ली में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी का कारण उसका हिंदी में बात नहीं करना और मिजोरम के बारे में बुनियादी जानकारी न दे पाना था, जिससे इमिग्रेशन अधिकारियों को शक हुआ और उन्होंने उसे गिरफ्तार कर लिया। मीडिया रिपोर्ट में सहार पुलिस के मुताबिक थांग मलेशिया जा रहा था। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। उसके पासपोर्ट में मिजोरम के आइजोल को जन्म स्थान बताया था, लेकिन वह मिजोरम या भारत से जुड़े सवालों के जवाब नहीं दे सका। उसकी अंग्रेजी बोलचाल और हिंदी की जानकारी न होने से अधिकारियों को शक हुआ। गहन पूछताछ में थांग ने स्वीकार किया कि वह म्यांमार का नागरिक है और 2019 में वहां सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के बाद देश छोड़कर भारत आ गया था। तब से पहचान छिपाकर दिल्ली में रह रहा था। म्यांमार में उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी था। थांग ने बताया कि वह 2019 में मिजोरम के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुसा और दिल्ली में बस गया। वहां एक पासपोर्ट एजेंट की मदद से उसने जाली भारतीय पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बनवाए। इन दस्तावेजों के जरिए उसने न केवल भारत में रहने की व्यवस्था की, बल्कि विदेश यात्राएं भी की। पुलिस ने थांग के खिलाफ जालसाजी और अवैध प्रवास के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि अगर इस पूरे मामले में किसी दूसरे व्यक्ति की भी संलिप्तता सामने आएगी, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सिराज/ईएमएस 25जून25