चिली,(ईएमएस)। दुनिया का सबसे सूखा, सबसे वीरान और चंद्रमा-जैसा दिखने वाला अटाकामा रेगिस्तान जब बर्फ की चादर से ढका मिला तो हर किसी की आंखें फटी की फटी रह गईं। उत्तरी चिली के इस सूखे रेगिस्तान में ऐसा नजारा एक दशक बाद देखने को मिला है, जिसे देखकर वहां के लोग ही नहीं पूरी दुनिया हैरान है। सैंटियागो यूनिवर्सिटी के जलवायु वैज्ञानिक राउल कोर्डेरो ने बताया कि अभी ये कहना जल्दबाज़ी होगी कि ये बर्फबारी क्लाइमेट चेंज से जुड़ी है। लेकिन यह जरूर है कि भविष्य में अटाकामा जैसी सूखी जगहों पर बारिश और बर्फबारी की घटनाएं ज्यादा देखने को मिल सकती हैं। अटाकामा रेगिस्तान को दुनिया के सबसे साफ और अंधेरे आसमान वाला इलाका माना जाता है। यहां वैज्ञानिक दूरबीनें लगाकर अंतरिक्ष की गहराइयों में झांकते हैं। लेकिन इस बार अंतरिक्ष की नहीं बल्कि जमीन पर गिरी बर्फ की चर्चा हो रही है। 9500 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुनिया की सबसे ताकतवर रेडियो टेलीस्कोप साइट एएलएमए ने सोशल मीडिया पर बर्फ से ढके अटाकामा की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए और लिखा, अविश्वसनीय! दुनिया का सबसे सूखा रेगिस्तान अब बर्फ से ढका हुआ है। एएलएमए के वैज्ञानिकों ने बताया कि उनके मुख्य स्टेशन पर पिछले 10 सालों में बर्फ नहीं गिरी थी, हालांकि नजदीकी 5,000 मीटर ऊंचे चाजनानाटोर पठार पर यह सामान्य है। लेकिन इस बार रेगिस्तान की जमीन भी सफेद चादर में लिपटी हुई नजर आई। अटाकामा की पथरीली, धूल भरी जमीन जो अब तक वैज्ञानिकों को मार्स या मून की सतह जैसी लगती थी। आज बर्फ में ढकी होने के बाद किसी विंटर वंडरलैंड में बदल गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/28जून2025