मुंबई, (ईएमएस)। अरब सागर में एमटी यी चेंग नामक तेल टैंकर में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। एमटी यी चेंग पर सवार 14 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया। इसमें आठ नाविक और छह अधिकारी हैं। जहाज पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। मेडिकल टीम ने उनकी जांच की और बताया कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। घटनास्थल के पास आईएनएस तबर मौजूद है। भारतीय नौसेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जहाज पर लगी आग को बुझा दिया। इससे समुद्र में संकट में फंसे जहाज को बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि प्रशांत महासागर में पलाऊ एक छोटा सा देश है। पलाऊ फिलीपींस से 800 किमी पूर्व और जापान से 3200 किमी दक्षिण में स्थित है। इस देश का झंडा फहराता एमटी यी चेंग नामक तेल टैंकर अरब सागर में यात्रा कर रहा था। इस यात्रा के दौरान तेल टैंकर में आग लग गई। आग लगने के कारण जहाज पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। भारतीय नौसेना को इसकी जानकारी मिलते ही नौसेना ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। नौसेना की मदद से जहाज और उसमें सवार चालक दल सुरक्षित हैं। आग बुझा दी गई है। आईएनएस तबर के नाविकों और जहाज एमटी यी चेंग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जहाज के इंजन कक्ष में लगी आग बुझा दी। - जहाज पर सवार सभी कर्मी भारतीय मूल के तेल टैंकर एमटी यी चेंग पर सवार सभी 14 अधिकारी और कर्मचारी भारतीय मूल के हैं। इन सभी को भारतीय नौसेना ने बचा लिया है। संजय/संतोष झा- ०१ जुलाई/२०२५/ईएमएस