राज्य
02-Jul-2025
...


कहा...मैं आम कार्यकर्ता हूं, मुझे पद नहीं दायित्व सौंपा गया है -पार्टी में अनुशासन सबसे बड़ा, सब मिलकर काम करेंगे भोपाल। भाजपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में हेमंत विजय खंडेलवाल ने मप्र भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वीडी शर्मा ने खंडेलवाल को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस मौके पर खंडेलवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई। इस मौके पर नए खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा के इस पर्व की प्रक्रिया पूरी हुई। मुझे पद नहीं दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने आगे कहा कि मैं आम कार्यकर्ता हूं। भाजपा क्षमता अनुसार पद पर बैठाती है। हम सबको मिलकर नया इतिहास गढऩा है। वहीं हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया है, वैसे ही कांग्रेस पार्टी पार्षद चयन का भी कर के दिखाए। नए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं मानता हूं कि जो दायित्व सौंपा गया है, वो अहम है। इसके पहले 27 प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूत किया है। बद्रीलाल दवे पहले अध्यक्ष थे। सुंदरलाल पटवा भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने। मेरे स्वर्गीय पिता भी कुशाभाऊ ठाकरे के पद पर चलते थे। आज हमारे बीच कई लोग नहीं है, मैं उनको याद करता हूं। कई लोगों ने भाजपा को आगे ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को बुलंदियों पर बरकार रखना है, आगे भी ले जाना है। भाजपा किसी भी कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुरूप पद पर बैठाती है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु आज हम नरेंद्र मोदी जी के कारण हैं। अमित शाह, जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में हमें काम करना है। पहले एक मिथक था कि हम पांच साल पूरा नहीं कर पाते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने इस मिथक को तोड़ा है। वो कल्याणकारी योजनाएं लेकर आए और वो मिथक टूट गया। इस समय सीएम मोहन यादव भी हमारे प्रदेश में रोजगार और उद्योगों को लाने का काम कर रहे हैं। भाजपा में अनुशासन बड़ा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा में अनुशासन की बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बड़ा होता है। सब मिलकर काम करते हैं। इस वजह से यहां पर सभी का सम्मान होता है। भाजपा का परिवार कई वर्षों से कांग्रेस के विरुद्ध झंडा बुलंद करता आया है। और आगे भी करता रहेगा उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आएगी। भाजपा उनके रग-रग में है। हेमंत खंडेलवाल ने ये भी मैसेज देने की कोशिश की पार्टी सर्वोपरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जो दाएं-बाएं होगा उसको परेशानी होगी। सत्ता और संगठन दोनों मिलकर काम करेंगे।