रूस को बड़ा झटका: यूक्रेनी हमले में नौसेना के डिप्टी हेड मेजर जनरल गुडकोव की मौत -कमांड पोस्ट पर हमला, 10 अन्य सैनिकों की भी गई जान मास्को,(ईएमएस)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में रूस को एक बड़ा सैन्य झटका लगा है। रूसी नौसेना के उपप्रमुख मेजर जनरल मिखाइल गुडकोव की एक हमले में मौत हो गई। जानकारी अनुसार, यूक्रेनी सेना ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में स्थित कोरेनेवो कमांड पोस्ट को निशाना बनाया, जहां गुडकोव और अन्य सैनिक मौजूद थे। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स और सैन्य टेलीग्राम चैनलों के अनुसार, इस हमले में गुडकोव के अलावा 10 अन्य रूसी सैनिक भी मारे गए हैं। इस हमले की पुष्टि रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र के गवर्नर ओलेग कोझेम्याको ने की है। उन्होंने बताया कि मेजर जनरल गुडकोव कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए हैं। उन्होंने इस क्षति को बेहद दुखद और राष्ट्र के लिए गंभीर क्षण बताया है। यूक्रेन के खिलाफ ऑपरेशन में थे सक्रिय गुडकोव न केवल रूसी नौसेना के डिप्टी हेड थे, बल्कि यूक्रेन युद्ध में एक ब्रिगेड कमांडर के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वे जमीनी और समुद्री दोनों मोर्चों पर रणनीतिक संचालन में दक्ष माने जाते थे। सैन्य विश्लेषकों के अनुसार, वर्ष 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से वह यूक्रेनी हमले में मारे गए सबसे वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारी हैं। रूस में शोक और सुरक्षा सतर्कता गवर्नर कोझेम्याको ने बताया कि उन्होंने गुडकोव के साथ वर्षों तक निकट संवाद बनाए रखा था। उन्हें समर्पित देशभक्त और निष्ठावान सैन्य अधिकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता रूसी सैन्य तंत्र के लिए महत्वपूर्ण थी। गुडकोव की मौत के बाद रूसी सेना में उच्चस्तरीय सतर्कता घोषित कर दी गई है। आंतरिक रूप से सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है और फ्रंटलाइन पर मौजूद अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। दोनों देशें के बीच तनाव और बढ़ा यह हमला ऐसे समय पर हुआ जबकि रूस और यूक्रेन के बीच सीमा क्षेत्रों पर संघर्ष और हमलों की तीव्रता बढ़ गई है। कुर्स्क और बेलगोरोद जैसे सीमावर्ती क्षेत्र लगातार यूक्रेनी ड्रोन और मिसाइल हमलों के निशाने पर हैं। गुडकोव की मौत से यह स्पष्ट होता है कि यूक्रेनी सेना अब केवल बुनियादी ढांचे या हथियारों को नहीं, बल्कि रणनीतिक सैन्य नेतृत्व को भी निशाना बना रही है। इससे रूसी सैन्य नेतृत्व की चुनौतियां और अधिक गहरी हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह हमला रूस के लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि एक रणनीतिक झटका भी है, जिससे युद्ध के संतुलन पर असर पड़ सकता है। हिदायत/ईएमएस 03जुलाई25