पलवल (ईएमएस)। हरियाणा के पलवल की साइबर अपराध थाना पुलिस ने 100 से अधिक लोगों से साइबर ठगी करने के मामले में दिल्ली के उत्तम नगर में छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां से तीन युवतियों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। हरियाणा के पलवल की साइबर अपराध थाना पुलिस ने 100 से अधिक लोगों से साइबर ठगी करने के मामले में दिल्ली के उत्तम नगर में छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां से तीन युवतियों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 40 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से 20 मोबाइल और 200 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शुभम ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक प्रेसवार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध थाना की टीम ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर ठग बैंककर्मी बनकर लोगों से रकम ऐंठते थे। पुलिस को करीब 100 शिकायतें मिली थीं, जिसमें शिकायतों के आधार पर दिल्ली के उत्तम नगर में छापेमारी की गई। कॉल सेंटर में ग्राहकों को अपने जाल में फंसाने के लिए लड़कियां फोन करती थीं। सभी गिरफ्तार आरोपी पूरे देश के अलग अलग राज्यों से अलग अलग लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। उन्होंने सौ से ज्यादा लोगों को अपना ठगी का शिकार बनाया है। आरोपियों ने दिल्ली में एक फ्लैट किराए पर लिया हुआ था और यहां कॉल सेंटर चला रहे थे। पुलिस को सौ से ज्यादा शिकायतें मिली। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी प्रदीप मोहित, वीरेंद्र, रोहित, साक्षी, खुशबू, अविशका, साहिल, साहिब, आयुष और नितिन शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी ज्यादातर ग्रेजुएट हैं। एएसपी शुभम ने बताया कि आरोपियों से पुलिस ने 200 सिम कार्ड और 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी। रिमांड पर लेकर आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। साइबर अपराध थाना पुलिस ने बघौला गांव निवासी संजय कुमार की शिकायत पर साइबर ठगी का मामला दर्ज किया था। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर उनके साथ 33 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने यह मामला इसी माह एक जुलाई को दर्ज किया था। इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/04/जुलाई /2025