क्षेत्रीय
04-Jul-2025


बस्तर(ईएमएस)। दंतेवाड़ा के चितालुर में धाकड़ युवा संगठन के पदाधिकारियों ने नेशनल थाईबॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों नुपुर ठाकुर, छाया नाग और नेहल ठाकुर को सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन ने इन प्रतिभाओं को बधाई देते हुए खेलों में समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। नुपुर ठाकुर और छाया नाग ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और समाज का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया, वहीं नेहल ठाकुर ने रजत पदक हासिल कर बेहतरीन प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया। सम्मान समारोह में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी विक्रम सिंह ठाकुर, रूद्रप्रताप सिंह ठाकुर, प्रेमसागर ठाकुर, विजय सिंह ठाकुर, गजेन्द्र सिंह ठाकुर और मनोज कुमार ठाकुर सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने विजेताओं को प्रतीक चिन्ह और शुभकामनाएं देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर संगठन के वरिष्ठ सदस्य विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा, धाकड़ युवा संगठन का उद्देश्य हमेशा से खेल प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग करना रहा है। यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। रूद्रप्रताप सिंह ठाकुर ने कहा, ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार होता है। विजेता खिलाड़ियों ने भी सम्मान से उत्साहित होकर अपने अनुभव साझा किए। नुपुर ठाकुर ने कहा, संगठन द्वारा मिला यह सम्मान हमारे लिए गर्व की बात है। इससे हमारी मेहनत और जुनून को और बल मिलेगा। छाया नाग ने कहा कि समाज का साथ युवाओं को नई ऊर्जा देता है। वहीं नेहल ठाकुर ने कहा कि संगठन का समर्थन भविष्य की तैयारियों में उनके लिए सहायक साबित होगा। ईएमएस(संजय कुमार जैन)04 जुलाई 2025