क्षेत्रीय
06-Jul-2025
...


गुना (ईएमएस)। राम हाइटेक हॉस्पिटल और सरजंस एसोसिएशन गुना के संयुक्त तत्वाधान में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा शनिवार को एक निजी होटल में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ और नवागंतुक डॉक्टरों को एक मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक चिकित्सकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर एम.के. जैन और डॉक्टर एस.के. श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान डॉक्टर एम.के. जैन ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि यह दिवस देश के महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। डॉ. राय चिकित्सा सेवा और समाजसेवा के प्रतीक रहे हैं। समारोह में जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों डॉक्टर वी.पी. शर्मा, डॉक्टर जी.के. लाहोटी, डॉक्टर ए.पी. अग्रवाल, डॉक्टर आर. दिवाकर, डॉक्टर जितेंद्र रघुवंशी और डॉक्टर रामवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर 72 वर्ष से अधिक आयु के अनुभवी चिकित्सकों को विशेष सम्मान भी दिया गया। इनमें डॉक्टर आर.सी. जैन, डॉक्टर शांति सुमन दिवाकर, डॉक्टर छाया शर्मा, डॉक्टर आराधना विजयवर्गीय, डॉक्टर अनिल विजयवर्गीय, डॉक्टर दिनेश सिंह कुशवाह, डॉक्टर जगबीर सिंह धाकड़, डॉक्टर पी.के. गुप्ता, डॉक्टर स्नेहलता अग्रवाल, डॉक्टर बी.पी. शर्मा, डॉक्टर पी. बुनकर सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक शामिल रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। डॉक्टर जितेंद्र रघुवंशी, डॉक्टर गौरव तिवारी, डॉक्टर सुदीप अरोड़ा, डॉक्टर रश्मि दीक्षित और डॉक्टर अभिलाष राजपूत ने अपने शानदार प्रदर्शन से उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉक्टर वाय.एस. रघुवंशी ने स्वागत भाषण दिया, वहीं नवागंतुक डॉक्टरों ने भी मंच से अपना परिचय दिया। समापन पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सचिव डॉक्टर अभिलाष राजपूत ने सभी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन गुना जिले में चिकित्सा समुदाय के बीच सौहार्द और सम्मान का प्रतीक बन गया। - सीताराम नाटानी (ईएमएस)