नई दिल्ली (ईएमएस)। सोमवार को लगी सावन की झड़ी थमते ही फिर राजधानी में उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। हालांकि, आज भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की आशंका है, यलो अलर्ट भी जारी किया गया है, लेकिन पक्का कुछ नहीं कह सकते। पूर्वानुमान दिन भर बादल छाए रहने, गर्जन वाले बादल बनने एवं बिजली चमकने का भी है। अधिकतम तापमान सामान्य से कम ही रहेगा। दिन में तीखी धूप भी खिली रह सकती है। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं मौसम की मेहरबानी से वायु गुणवत्ता लगातार अच्छी ही बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 81 दर्ज किया गया। इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों का एक्यूआई भी कहीं संतोषजनक तो कहीं मध्यम श्रेणी में बना हुआ है। मौसम की मेहरबानी से हाल फिलहाल इसमें वृद्धि होने की संभावना भी नहीं लग रही। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/08/ जुलाई /2025