08-Jul-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। महिलाओं में बढ़ती मधुमेह, मोटापा, थायराइड, रक्तचाप और बढ़ती उम्र में घुटनों की समस्याओं से निपटने के लिए बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन ने एक नई पहल की है। फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती वंशिका तपन अग्रवाल ने मंगलवार को घोषणा की कि उनके योग केंद्रों पर जल्द ही विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहाँ योग्य प्रशिक्षक योग के माध्यम से इन पाँच प्रमुख बीमारियों के समाधान के सूत्र सिखाएंगे। वंशिका अग्रवाल ने गोयल नगर स्थित ईश कृपा गार्डन में चल रहे शिविर में यह संकल्प व्यक्त किया। साधकों ने भी योग से मिले अपने लाभ साझा किए। श्रीमती आशा जैन ने महिलाओं में आम इन पाँच बीमारियों की जानकारी दी, जिसके बाद वंशिका अग्रवाल ने इन पर केंद्रित योग शिविरों के आयोजन की बात कही। शिविर संयोजक किशोर गोयल, प्रवीण मिश्रा, योग प्रशिक्षक पिंकी और गायत्री पानेरी, राजेश बंसल ने उनका स्वागत किया। वर्तमान में, फाउंडेशन शहर में 18 स्थानों पर योग केंद्र चला रहा है, जिनमें से 12 पुरुषों के लिए और 8 विशेष रूप से महिलाओं के लिए हैं। अब इन महिलाओं के लिए समर्पित केंद्रों में से 6 पर विशेष रूप से इन बीमारियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रकाश/8 जुलाई 2025 संलग्न चित्र : इंदौर। ईश कृपा गार्डन पर साधकों के साथ फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती वंशिका तपन अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी।