08-Jul-2025
...


ढाई हजार से अधिक खेत तालाबों का हुआ निर्माण, सोलह सौ से अधिक कूप रिचार्ज जल गंगा संवर्धन अभियान में रायसेन जिले को प्रदेश में मिला द्वितीय स्थान भोपाल(ईएमएस)। रायसेन जिले में 30 मार्च से 30 जून तक चले जल गंगा संवर्धन अभियान में 2500 से अधिक खेत तालाब एवं 23 अमृत सरोवरों का निर्माण कार्य कराया गया। इनके निर्माण से 5000 एकड से अधिक भूमि सिंचित हुई। 1600 से अधिक कूप रिचार्ज पिट का निर्माण कराया गया जिससे पूर्व से निर्मित कूपों में जल भराव अधिक होने से किसान दोनों फसलों में सिचाई कर सकेंगे। इन कार्यों को नवीन तकनीक SIPRI एप के माध्यम से चिन्हांकित किया गया। अभियान के दौरान बेतवा के उदग्म स्थल पर बेतवा को पुर्नजीवित कर, अविरल धारा प्रवाहित हेतु प्रयास किये गये। 15000 से अधिक जलदूतों का पोर्टल पर पंजीयन कराकर, प्रशिक्षण कराया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में साफ सफाई एवं जल संरक्षण के कार्य भी कराये गये। इस हेतु जिले को राज्य स्तर से ग्रेडिंग में प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जानकारी देते हुये बताया कि रायसेन जिले में जिला कलेक्टर के मार्ग दर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा योजना से जल संरक्षण के कार्य कराये गये । जिले में जल संरक्षण की दिशा में जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान हुए महत्वपूर्ण कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में 2500 से अधिक खेत तालाबों का हुआ निर्माण, 1690 कूप रीचार्ज पिट का निर्माण, 23 अमृत सरोवर हुए स्वीकृत किये गये। अभियान के दौरान मनरेगा के तहत 1000 से अधिक जल संग्रहण के कार्यो को भी पूर्ण कराया गया है। अभियान के दौरान जिले के झिरी ग्राम में स्थित बेतवा नदी के उद्गम स्थल को पुर्नजीवित किया गया,जो कि जिले में हुए महत्वपूर्ण कार्यो में से एक हैं। जिले में स्थित अन्य नदियों के उद्गम स्थलों को संरक्षित करने के कार्य कराये गये। सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रायसेन जिले की सभी सातों जनपद पंचायतों में कुल 2500 से अधिक खेत तालाबों का निर्माण कराया गया है। जिससे एक ओर जहां बारिश का जल संग्रहित हो सकेगा, वहीं किसानों को भी सिंचाई के लिए जल उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त 1687 कूप रीचार्ज पिट का निर्माण कराया गया है। जिले की बाड़ी जनपद पंचायत में 329 खेत तालाब, बेगमगंज जनपद पंचायत में 509 खेत तालाब, गैरतगंज जनपद पंचायत में 354 खेत तालाब, औबेदुल्लागंज जनपद पंचायत में 213 खेत तालाब, सांची जनपद पंचायत में 366 खेत तालाब, सिलवानी जनपद पंचायत में 490 खेत तालाब और उदयपुरा जनपद पंचायत में 302 खेत तालाबों के निर्माण कार्य स्वीकृत कराये गये। इसी प्रकार जिले की सभी जनपद पंचायतों में 1687 कूप रीचार्ज पिट का भी निर्माण कराया गया है। इसमें बाड़ी जनपद पंचायत में 183, बेगमगंज जनपद पंचायत में 340, गैरतगंज जनपद पंचायत में 207, औबेदुल्लागंज जनपद पंचायत में 158, सांची जनपद पंचायत में 161, सिलवानी जनपद पंचायत में 144 और उदयपुरा जनपद पंचायत में 194 कूप रीचार्ज पिट का निर्माण कराया गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़े कार्यो में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, संगठनों और नागरिकों की भी सहभागिता सुनिश्चित कराई गई। अभियान के तहत नागरिकों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करने हेतु पानी चौपाल सहित अनेक गतिविधियां भी आयोजित कराई गई। माय भारत एप में 15000 से अधिक जलदूतों का मोबाईल के माध्यम से पंजीयन कराया गया इन जल दूतों के द्वारा जल संरक्षण हेतु किये जाने वाले कार्यों का प्रशिक्षण भी जनपद पंचायत स्तर पर दिया गया। इन सभी कार्यों को करने में शासन से प्राप्त दिशा निर्देश अनुसार टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया। माय भारत एप के माध्यम से कार्यों का स्थल चिन्हांकन, सिक्योर के माध्यम से स्वीकृतियां जारी की गई। राज्य स्तर से इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु पुरूस्कार की घोषणा की गई थी। पोर्टल के माध्यम कार्यों की जानकारी प्राप्त कर, अंक प्रदान किये गये । जिले को 100 में से 92.35 अंक प्राप्त हुये है जिसमें जिला प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा। हरि प्रसाद पाल / 08 जुलाई, 2025