10-Jul-2025
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवा दिनांक 10 जुलाई को कर्नाक ब्रिज का उद्घाटन किया, जिसका नाम अब सिंदूर फ्लाईओवर कर दिया गया है। इस फ्लाईओवर से दक्षिण मुंबई में पूर्व-पश्चिम यातायात में सुधार होने की उम्मीद है। इस पुल का निर्माण पिछले महीने पूरा हो गया था। मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन के पास स्थित सिंदूर फ्लाईओवर, पी डिमेलो रोड को क्रॉफर्ड मार्केट, कालबादेवी और मोहम्मद अली रोड जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों से जोड़ता है। 150 साल पुराने कर्नाक ब्रिज को सुरक्षा कारणों से अगस्त 2022 में ध्वस्त कर दिया गया था। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त अभिजीत बांगर के नेतृत्व में इंजीनियरों द्वारा इस पुल का निर्माण किया गया है। इस पुल का काम 10 जून को पूरा हुआ। इस पुल की कुल लंबाई 328 मीटर है, जिसमें से 70 मीटर रेलवे सीमा के भीतर है। पुल मुख्य रूप से दो मजबूत स्टील गर्डरों पर टिका है, जिनका वजन 550 मीट्रिक टन है। ये गर्डर 70 मीटर लंबे, 26.5 मीटर चौड़े और 10.8 मीटर ऊँचे हैं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, अन्नासाहेब पाटिल आर्थिक विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटिल, विधायक मनीषा कायंदे, पूर्व विधायक राज पुरोहित, मुंबई महानगरपालिका के प्रशासक/आयुक्त भूषण गगरानी, ​​अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कर्नाक ब्रिज का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बाद बदला गया है जिसमें उन्होंने कहा था कि स्वतंत्रता के वर्ष में इतिहास के काले अध्याय समाप्त होने चाहिए और उनके निशान मिट जाने चाहिए। पहलगाम हमले के बाद, भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह किया। भारत ने दिखा दिया कि वह पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर सकता है। मुझे खुशी है कि भारतीय सेना के बेमिसाल प्रदर्शन के कारण महानगरपालिका ने इस पुल का नाम सिंदूर रखा है। उन्होंने कहा कि इस पुल की कुल लंबाई 342 मीटर है और चूँकि यह 70 मीटर रेलवे सीमा के भीतर है, इसलिए यह पुल निश्चित रूप से मुंबई में यातायात के लिए बहुत उपयोगी होगा। मुख्यमंत्री ने सभी कठिनाइयों को पार करते हुए, ऐतिहासिक पुराने कर्नाक ब्रिज के कम समय में बेहतरीन निर्माण के लिए महानगरपालिका की पूरी टीम को बधाई दी। संजय/संतोष झा- १० जुलाई/२०२५/ईएमएस