-पुलिस गिरोह के पांच सदस्यों को पहले ही कर चुकी है गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी गोरखपुर,(ईएमएस)। अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का सरगना राहुल रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। जंगल तिनकोनिया के पास पिपराइच पुलिस से हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अब गिरोह के पांच सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, तीन अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने शुक्रवार को मानव तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश किया था। गिरोह के चंगुल से भागकर घर पहुंची 15 साल की किशोरी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। नौकरी का झांसा देकर गिरोह ने उसे राजस्थान ले जाकर 1.80 लाख रुपए में बेच दिया था। अपहरण और मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गिरोह से जुड़े दंपती समेत चार लोगों को जेल भेजा था। महराजगंज के निचलौल, बुढ़ाडीह में रहने वाले गिरोह के सरगना को पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार किया। रविवार की भोर में उसे तिकोनिया जंगल के पास घटनास्थल की निशानदेही के लिए ले जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान राहुल ने भागने की कोशिश की और एक दरोगा की पिस्टल छीनने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें राहुल के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक राहुल गिरोह का सरगना और लड़कियों की तस्करी के पूरे नेटवर्क को चलता है। एसपी उत्तरी ने बताया कि अब तक की जांच में तीन लड़कियों की बिक्री की पुष्टि हो चुकी है। गिरोह का नेटवर्क गोरखपुर, महराजगंज, आगरा, दिल्ली और राजस्थान में फैला है। तीन अन्य आरोपित सहजनवा की सरिता, दिल्ली के देवा गुर्जर, अजमेर के आरोपित सरवनपुरी के भाई की तलाश जारी है। जल्द ही मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 13जुलाई25