कर्मश्री की बैठक में तैयारियों की समीक्षा, ऑपरेशन सिंदूर के शौर्य को समर्पित होगी यात्रा भोपाल (ईएमएस)। कर्मश्री संस्था द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा इस वर्ष भारतीय सेना के शौर्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित रहेगी। रविवार को संस्था की पहली बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई। संस्था के अध्यक्ष एवं विधायक रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने यात्रा की तैयारियों पर मंथन किया। बैठक में इस वर्ष यात्रा को और अधिक भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया गया है। 14 अगस्त को निकाली जाने वाली इस यात्रा में हजारों देशभक्तों के शामिल होने की उम्मीद है। विधायक शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है, इस पर आंख उठाने वालों को ऑपरेशन सिंदूर का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस बार की यात्रा सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं बल्कि भारत के गौरव, अखंडता और सैन्य शौर्य की सजीव अभिव्यक्ति होगी। कोलार क्षेत्र से बैरागढ़ तक निकाली जाने वाली इस यात्रा में लाखों हाथों में लहराता तिरंगा पूरे भोपाल को देशभक्ति के रंग में रंग देगा। अखंड भारत स्मृति दिवस पर आयोजित होती है यात्रा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि 14 अगस्त भारत की आजादी की पूर्व संध्या है, लेकिन इसी दिन हमें विभाजन का जख्म भी मिला था। इसलिए हम इस दिन को अखंड भारत स्मृति दिवस के रूप में मनाते हैं। कर्मश्री संस्था इस दिन विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर देशवासियों के मन में अखंड भारत के संकल्प को जाग्रत करती है। उन्होंने कहा कि इस बार यह यात्रा इतनी विशाल होगी कि भोपाल से निकली आवाज पूरे देश के दिलों में गूंजेगी। लव जिहाद हो या लैंड जिहाद, बर्दाश्त नहीं करेंगे रामेश्वर शर्मा ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मिशन हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लिया है। सेना ने आतंकी अड्डों को नष्ट कर केवल दुश्मन की कमर नहीं तोड़ी, बल्कि दुनिया को भी दिखा दिया कि भारत पहले छेड़ता नहीं, लेकिन कोई छेड़े तो छोड़ता नहीं। विधायक शर्मा ने बैठक में चेताया कि देश की सीमाओं के बाहर दुश्मनों से सेना निपट रही है, लेकिन देश के अंदर सक्रिय लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे षड्यंत्रों से समाज को सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी भोली-भाली बेटियों को फंसाने की साजिश रची जा रही है। लव जिहाद हो या लैंड जिहाद, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तैयारियों में जुटे कर्मश्री कार्यकर्ता बैठक में तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रचार-प्रसार, रूट प्लानिंग, सुरक्षा व्यवस्था और जनसंपर्क अभियान को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यकर्ताओं में जोश और समर्पण स्पष्ट दिखाई दिया। तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं। राष्ट्रभक्ति, सैन्य सम्मान और सांस्कृतिक संकल्प का जनजागरण अभियान बन चुकी है। विनोद/ 13 जुलाई /2025