मुंबई (ईएमएस)। ग्लोबल आईकॉन प्रियंका चोपड़ा एक फूड चॉइस गेम के वीडियो में भारतीय स्नैक्स के मुकाबले विदेशी स्नैक्स चुनती नजर आईं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कुछ यूजर्स ने प्रियंका को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद प्रियंका ने भी ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया। हुआ यूं कि एक इंटरैक्टिव वीडियो में प्रियंका के सामने भारतीय और अमेरिकी स्नैक्स के ऑप्शन रखे गए थे। इनमें से एक सवाल था – वड़ा पाव या हॉट डॉग? इस पर प्रियंका ने कहा, “हॉट डॉग्स मेरी कमजोरी हैं।” बस फिर क्या था, इस क्लिप को पॉपुलर इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर पुष्पक सिद्धू ने शेयर किया और मजाकिया अंदाज में प्रियंका को ट्रोल किया। पुष्पक वीडियो में कहते हैं, “क्या आपने अभी कहा कि आपको गर्म कुत्ता पसंद है दीदी?” इस पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी चुटकी ली और प्रियंका को देसी गर्ल के टैग से छेड़ते हुए कहा कि अब वह देसी नहीं रहीं। ट्रोलिंग यहीं नहीं रुकी। वीडियो पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा, “हमारी देसी गर्ल अब परदेसी हो गई हैं।” तो किसी ने कहा, “वड़ा पाव छोड़कर हॉट डॉग कौन चुनता है।” एक यूजर ने तंज कसा, “प्रियंका व्हाइट बनने की बहुत कोशिश कर रही हैं।” सोशल मीडिया पर ये चर्चाएं इतनी बढ़ गईं कि प्रियंका को खुद सफाई देनी पड़ी। प्रियंका ने पुष्पक के इस वीडियो को अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करते हुए जवाब दिया – “वाह ब्रो! मुझे नहीं पता था कि देसी बनने का भी सिलेबस होता है। इतना गंभीर नहीं है ये।” इस जवाब में उनका हल्का-फुल्का लेकिन तीखा अंदाज साफ झलक रहा था। उन्होंने यह भी जताया कि खाने की पसंद को लेकर इतनी कठोर ट्रोलिंग बेकार है। दरअसल, प्रियंका चोपड़ा का ये वीडियो उनके कैजुअल और मजेदार मूड में शूट किया गया था, जहां उनसे बस उनकी पसंद पूछी गई थी। सुदामा/ईएमएस 14 जुलाई 2025