राष्ट्रीय
14-Jul-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिल सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने कहा कि उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतिमूर्ति के रूप में याद किया जाएगा। उनके विविध अभिनय ने पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी है। विभिन्न भाषाओं और विविध विषयों पर आधारित उनकी कृतियां उनकी बहुमुखी प्रतिभा को उजागर करती हैं। पीएम ने एक्स पोस्ट में कहा, “प्रसिद्ध फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतिमूर्ति के रूप में याद किया जाएगा। उनके विविध अभिनय ने पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी। विभिन्न भाषाओं और विविध विषयों पर आधारित उनकी कृतियां उनकी बहुमुखी प्रतिभा को उजागर करती हैं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।” उल्लेखनीय है कि तमिल सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन पर पूरा देश गमगीन है। वह 87 वर्ष की थीं। पद्मभूषण से अलंकृत सरोजा देवी ने अपने सात दशक लंबे फिल्मी करियर में 200 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया। वह सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं थीं, बल्कि एक प्रेरणा थीं, जिन्होंने चार भाषाओं- तमिल , कन्नड़ , तेलुगु और हिंदी फिल्मों में अभिनय कर एक मिसाल कायम की। चार भाषाओं में उनकी लोकप्रियता के चलते 1962 में उन्हें ‘चतुर्भाषा तारे’ के रूप में सम्मानित किया गया। सुबोध\१४\०७\२०२५