राष्ट्रीय
15-Jul-2025
...


पिथौरागढ़,(ईएमएस)। उत्तराखंड के सीमावर्ती जिले पिथौरागढ़ में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक मैक्स जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार सुबह के समय मुवानी से बोकटा गांव की ओर जाते समय हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के वक्त वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, और आपदा प्रबंधन (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को खाई से निकालकर प्राथमिक इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया, कि हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हुई है। तीन घायलों का इलाज जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पिथौरागढ़: सुंदरता के बीच खतरनाक सड़कें पिथौरागढ़, जिसे उत्तराखंड का मिनी कश्मीर भी कहा जाता है, अपनी खूबसूरत घाटियों और पहाड़ों के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन यहां की संकीर्ण और घुमावदार सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। यह क्षेत्र नेपाल और तिब्बत (चीन) की सीमाओं से सटा हुआ है और समुद्र तल से लगभग 1,645 मीटर की ऊंचाई पर बसा है। हिदायत/ईएमएस 15जुलाई25