:: अजमेर सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों में अत्याधुनिक प्लांट लगाने के लिए राज्य सरकार से होगी चर्चा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के स्वच्छता मॉडल की ख्याति लगातार बढ़ रही है। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इंदौर के वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल को देश में सर्वोत्तम बताया है। अपनी तीन दिवसीय मध्यप्रदेश यात्रा के दौरान इंदौर प्रवास पर, देवनानी ने मंगलवार को नगर निगम इंदौर द्वारा संचालित अत्याधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का विस्तृत अवलोकन किया और उसकी कार्यप्रणाली व तकनीक की जानकारी ली। :: राजस्थान में इंदौर जैसा प्लांट लगाने की पहल :: देवनानी ने इस प्लांट से प्रभावित होकर कहा कि इंदौर नगर निगम द्वारा विकसित यह वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। यह न केवल कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत करती है, बल्कि नगरीय जीवन को स्वस्थ, स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने घोषणा की कि अजमेर नगर निगम सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों में इसी मॉडल पर आधारित अत्याधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए वे राजस्थान राज्य सरकार से चर्चा करेंगे, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप स्वच्छ राजस्थान का लक्ष्य प्रभावी रूप से साकार किया जा सके। देवनानी ने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नगरीय स्वच्छता में आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करते हुए पर्यावरण के अनुकूल और सतत समाधान अपनाए जाएं। इससे न केवल स्वच्छता, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को भी सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने कचरा निस्तारण प्रक्रिया को स्वच्छता मिशन की दिशा में एक निर्णायक पहल बताया, जो राजस्थान के विभिन्न शहरों के लिए अत्यंत लाभदायक हो सकती है। :: कचरा निस्तारण एक गंभीर वैश्विक समस्या : विधानसभा अध्यक्ष राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कचरा निस्तारण को एक गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। अत्यधिक कचरा जमा होने से पर्यावरण प्रदूषण और बीमारियां फैलती हैं, खासकर प्लास्टिक कचरा वायु, जल और मिट्टी को प्रदूषित करता है। उन्होंने जोर दिया कि कचरा निस्तारण वाकई एक जटिल समस्या है, लेकिन सही प्रयासों और आधुनिकतम तकनीक की विभिन्न पद्धतियों से इसका हल संभव है। :: महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन :: अपनी मध्यप्रदेश यात्रा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मंगलवार को अपराह्न महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे। देवनानी ने उज्जैन में महाकाल मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की समृद्धि व खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान महाकाल को कोटि-कोटि नमन करते हुए देश-प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। देवनानी ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन किए और नर्मदा तट पर पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। प्रकाश/15 जुलाई 2025