-कलेक्टर के निर्देश के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तय किया रूट भोपाल (ईएमएस)। राजधानी भोपाल की स्कूलों के बाद बुधवार से शहर के 12 व्यस्ततम और अहम वीवीआईपी जगहों पर ई-रिक्शा चलाने और पार्किंग पर प्रतिबंध लग गया है। इसका असर भी दिखा। दरअसल 27 जून को हुई जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में ई-रिक्शा चलाने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया था। इन सभी मार्गों को भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने दो पैमानों पर तय किया है। पहला ये कि इन सभी मार्गो पर नगर सेवा वाहन पहले से संचालित है। दूसरा यह कि इन सडक़ों पर ई-रिक्शा की ज्यादा संख्या होने के कारण ट्रैफिक जाम के हालात बनते हैं। दो दिन पहले ई-रिक्शा से स्कूली छात्र-छात्राओं के परिवहन पर भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने प्रतिबंध लगाया था। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अगले सात दिनों तक प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा चलाने और पार्क करने वाले चालकों को समइाइश दी जाएगी। इसके बाद चालान होंगे। यहां ई-रिक्शा व उसकी पार्किंग प्रतिबंधित ट्रैफिक पुलिस ने जो प्लान बनाया है उसके अनुसार, राजभवन से पॉलिटेक्निक चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा से स्टेट हैंगर, बोट क्लब, हमीदिया रोड-अल्पना से भोपाल टॉकीज, अपेक्स बैंक से रोशनपुरा, लिंक रोड-1 बोर्ड ऑफिस चौराहा से अपेक्स बैंक तक, काटजू अस्पताल तिराहा से रंगमहल तिराहा तक, वन्दे मातरम से 10 नंबर स्टॉप तक, 10 नंबर से नेशनल अस्पताल तक, 10 नंबर से साढ़े 10 नंबर तक, सेंटर प्वाइंट से रोशनपुरा तक और जीजी फ्लाईओवर पर ई-रिक्शा व उसकी पार्किंग प्रतिबंधित की गई है। अगर इन मार्गों पर ई-रिक्शा चलता हुआ मिला तो हफ्ते भर तक रिक्शा वालों को समझाइश दी जाएगी। इसके बाद चालान कटेगा। विनोद उपाध्याय / 23 जुलाई, 2025