झाबुआ/इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभाग के झाबुआ जिले में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की पहल पर शुरू हुआ मातृधरा अभियान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रहा है। इस अभियान के तहत, परशुरामेश्वर रामायण मंडल, मेघनगर नाका की महिलाओं ने मंदिर प्रांगण में एक अनूठी पर्यावरणीय भजन संध्या का आयोजन किया। इन भजनों में पर्यावरण, जल-संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण जैसे विषयों पर केंद्रित संदेश थे, जिन्हें भीली गीतों की मिठास के साथ प्रस्तुत किया गया। इस अभिनव पहल ने उपस्थित जनसमूह को प्रकृति के प्रति उनके कर्तव्यबोध से भावनात्मक रूप से जोड़ा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठजनों ने भाग लिया। अंत में सभी ने पर्यावरण रक्षा, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जल बचाने की शपथ ली। कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि यह अभियान महिला नेतृत्व को सशक्त कर समाज में सकारात्मक पर्यावरणीय बदलाव ला रहा है। प्रकाश/23 जुलाई 2025