भोपाल (ईएमएस)। स्टेट एन्वायरनमेंट इम्पैक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) के चेयरमैन व अफसरों के बीच हुए विवाद के बाद आखिरकार पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत एम कोठारी को हटाकर राजभवन भेज दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नवनीत मोहन कोठारी को अब राज्यपाल के प्रमुख सचिव का दायित्व दिया गया है। इधर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता को राजभवन से हटाकर कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं सिया के चेयरमैन से विवाद के कारण एप्को की कार्यपालन संचालक उमा माहेश्वरी आर को भी हटा दिया गया है। इसके अलावा कई आईएएस अफसरों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को अपने पूर्व की जिम्मेदारियों के साथ अपर मुख्य सचिव पर्यावरण विभाग, पर्यावरण आयुक्त और महानिदेशक एप्को का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। चंद्रमौलि शुक्ला को वर्तमान दायित्वों के साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दीपक आर्य को ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण के सीईओ के साथ कार्यपालन संचालक पर्यावरण नियोजन और समन्वय संगठन एप्को का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता के कुटीर और ग्रामोद्योग का चार्ज लेने के बाद अमित राठौर प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर कुटीर व ग्रामोद्योग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे। उमा माहेश्वरी आर अब सिर्फ ओएसडी सह संचालक भारतीय चिकित्सा पद्धति और होम्योपैथी की जिम्मेदारी संभालेंगी, दीपक आर्य के चार्ज लेने के साथ वे कार्यपालन संचालक पर्यावरण नियोजन और समन्वय संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त होंगी। विनोद/ईएमएस/23/07/2025