23-Jul-2025


- गृहराज्य मंत्री की मां के नाम पर ही डांस बार चल रहा है, राज्य में क़ानून-व्यवस्था चौपट! मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र को समृद्ध राजनीतिक संस्कृति का गौरव प्राप्त है। यशवंतराव चव्हाण से लेकर विलासराव देशमुख और पृथ्वीराज चव्हाण तक के नेतृत्व में महाराष्ट्र का नाम पूरे देश में गर्व से लिया जाता था। लेकिन बीते 10 वर्षों से भाजपा सरकार ने महाराष्ट्र का तमाशा बना कर रख दिया है। विधानसभा के भीतर ताश का क्लब चल रहा है, और बाहर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की तरह राजनीतिक कुश्ती हो रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही पूरी तरह ज़िम्मेदार हैं, ऐसा तीखा हमला महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने किया। भाजपा-युति सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए सपकाल ने कहा कि यह सरकार लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती, बल्कि “हम करे सो कायदा” की तर्ज पर काम कर रही है। एक मंत्री के घर से पैसों से भरा बैग बरामद होता है, दूसरा मंत्री विधानसभा के दौरान ताश (रमी) खेलता है, और गृह राज्य मंत्री की मां के नाम पर डांस बार खुलेआम चल रहा है! ऐसे मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बेबस और लाचार नज़र आते हैं। राज्य में क़ानून और व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है, अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। गुजरात से ड्रग्स लाकर महाराष्ट्र में उसका काला कारोबार ज़ोर-शोर से चल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी को नशे की ओर ढकेला जा रहा है। आका और कोयता गैंग खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं, अवैध धंधे धड़ल्ले से चल रहे हैं, और पुलिस का कोई डर बाकी नहीं रहा है। यह गुंडागर्दी और मवाली संस्कृति महाराष्ट्र में लाने का पाप देवेंद्र फडणवीस ने किया है। एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि वरिष्ठ नेता शरद पवार और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने से किसी विशेष राजनीतिक संकेत की कल्पना नहीं की जानी चाहिए। यह महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति है जहाँ विरोधियों को दुश्मन नहीं माना जाता, वैचारिक मतभेद होते हैं, और विचारों की लड़ाई विचारों से ही लड़ी जाती है। इसलिए इन शुभकामनाओं से किसी भी राजनीतिक समीकरण में बदलाव आने की संभावना नहीं है, ऐसा स्पष्ट मत सपकाल ने व्यक्त किया। संतोष झा- २३ जुलाई/२०२५/ईएमएस