गुरुग्राम (ईएमएस)। गुरुग्राम में पालतू कुत्तों के हमले की एक और खौफनाक घटना सामने आई है। यहां के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर सैर कर रही एक महिला पर पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई। सैर कर रहे लोगों ने महिला को बड़ी मुश्किल से कुत्ते के चंगुल से छुड़वाया। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस जांच में जुटी हुई है। पीड़ित महिला गोल्फ कोर्स रोड की एक सोसाइटी में रहती है और सुबह सात बजे सैर पर निकली थी। सामने से एक महिला अपने हस्की कुत्ते के साथ उसके पास से निकालने लगी तो कुत्ते ने सैर कर रही महिला पर हमला कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुत्ते ने झपट कर हमला किया। हालांकि उसकी मालकिन ने उसकी चेन कस कर पकड़ी हुई थी, फिर भी कुत्ते ने पूरी ताकत से उस पर हमला किया और नीचे गिरा लिया। आसपास घूम रहे लोगों ने महिला की चीख सुनी तो तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े। बड़ी मुश्किल से लोग महिला को कुत्ते के चन्गुल से बचा पाए। इस हमले में महिला काफी जख्मी हुई है और कुत्ते ने हाथ नोंच खाया है। लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। महिला के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और वह सदमे में है। इस घटना के बाद सैर करने वाले लोगों में कुत्तों को लेकर डर बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में कुत्तों के हमले की घटनाओं में तेजी आई है। खतरनाक नस्लों को पालने पर रोक भी लगी हुई है लेकिन लोग इस से बाज नहीं आ रहे हैं। रिहायशी इलाकों में पालतू कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए सख्त नियम लागू करने की जरूरत है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/जुलाई /2025