व्यापार
31-Jul-2025


मुंबई (ईएमएस)। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में शानदार नतीजे दर्ज किए हैं। इसके बाद बीएससी पर कंपनी के शेयरों में 4.1 प्रतिशत की उछाल आई और ये 2,538.4 प्रति शेयर के डे हाई पर पहुंच गए। सुबह 1:30 बजे तक शेयर 3.3 प्रतिशत बढ़कर 2,533.95 पर ट्रेड कर रहे थे। एचयूएल के शेयर इस समय सेंसेक्स टॉप गेनर थे। इस उछाल के पीछे कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे रहे। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 5.97 प्रतिशत बढ़कर 2,768 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 2,612 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही में उत्पादों की बिक्री से राजस्व 5.15 प्रतिशत बढ़कर 16,296 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष 15,497 करोड़ रुपये था। कंपनी ने एकीकृत अंतर्निहित बिक्री वृद्धि (यूएसजी) 5 प्रतिशत और अंतर्निहित मात्रा वृद्धि (यूवीजी) 4 प्रतिशत दर्ज की। अप्रैल-जून तिमाही में कर-पूर्व लाभ सालाना आधार पर 6.4 प्रतिशत घटकर 3,303 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 3,529 करोड़ रुपये था। इस दौरान एचयूएल का कुल खर्च 7.25 प्रतिशत बढ़कर 13,284 करोड़ रुपये हो गया। अन्य राजस्व सहित कंपनी की कुल आय 4.7 प्रतिशत बढ़कर 16,715 करोड़ रुपये हो गई। एचयूएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक रोहित जावा ने बताया कि दैनिक उपभोग की वस्तुओं की मांग स्थिर बनी हुई है और हाल ही में इसमें धीरे-धीरे वृद्धि हुई है। उन्होंने भविष्य की संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त कर कहा कि यह क्रमिक सुधार जारी रहेगा। आशीष दुबे / 31 जुलाई 2025