मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पवई स्थित आईआईटी मुंबई में एक 26 साल के छात्र द्वारा आत्महत्या करने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। छात्र ने आईआईटी कैंपस में स्थित हॉस्टल की इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र का नाम रोहित सिन्हा है। रोहित आईआईटी मुंबई में मेटा साइंस के अंतिम वर्ष में पढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि रोहित ने डिप्रेशन के कारण अपनी जान दे दी। यह घटना शुक्रवार रात आईआईटी मुंबई में हुई। रोहित की मौत से आईआईटी इलाके में शोक छाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को आत्महत्या का शक है, लेकिन अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस रोहित के दोस्तों और हॉस्टल में रहने वाले सहकर्मियों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच के जरिए घटना की जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है। उधर इस घटना पर आईआईटी प्रशासन ने खेद जताया है और रोहित के परिवार से संपर्क किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोहित सिन्हा आईआईटी मुंबई का छात्र था। पुलिस को संदेह है कि पढ़ाई के दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया होगा। घटना शुक्रवार आधी रात को हुई और इसकी सूचना मिलते ही पवई पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस रोहित सिन्हा के मोबाइल, कमरे में मौजूद दस्तावेज़ों और अन्य सामानों की जाँच कर रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। आपको बता दें कि आईआईटी में इससे पहले भी ऐसी कई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएँ हो चुकी हैं। स्वेता/संतोष झा- ०२ अगस्त/२०२५/ईएमएस