02-Aug-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। रक्षाबंधन के पर्व से पहले, इंदौर के शासकीय सांदीपनि अहिल्याश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 की छात्राओं ने एक प्रेरणादायक पहल की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधे, और साथ ही देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए भी अपनी शुभकामनाओं के साथ स्वनिर्मित राखियाँ भेजीं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्राचार्य दीपक हलवे ने बताया कि छात्रसंघ अध्यक्ष दीपशिखा रघुवंशी, रानी धीमान, कशिश साहू सहित सैकड़ों छात्राओं ने इस कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने न केवल सैनिकों को राखियाँ भेजीं, बल्कि उनके देशसेवा के जज्बे को सलाम करते हुए उनके सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामना संदेश भी भेजे। इस पूरी पहल का मार्गदर्शन व्याख्याता सुजाता जैन ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन सुषमा राठौर ने किया। यह आयोजन छात्राओं को सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास था। प्रकाश/2 अगस्त 2025