भोपाल(ईएमएस)। हबीबगंज इलाके में स्थित गणेश मंदिर के सामने बीती देर रात जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ वीडियो एडिटर को तेज रफ्तर ट्रक ने रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि मतृक अपने दफ्तर से काम पूरा कर एक्टिवा से वापस घर लौट रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार श्रीराम कॉलोनी, मिसरोद निवासी संजय शर्मा पुत्र मन्नूलाल शर्मा (35) जनसंपर्क कार्यालय में वीडियो एडिटर के पद पर पदस्थ थे। बीती रात करीब 12.30 वह अपनी ड्यूटी पूरी कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। रास्ते में गणेश मंदिर के सामने उन्हें पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि मृतक संजय शर्मा, केंदीय मंत्रालय में भी पदस्थ रहे हैं। इसके अलावा दूरदर्शन, सहित एक निजी न्यूज चैनलों में भी काम कर चुके हैं, और अभी कुछ महीने पहले उनके घर बच्चा भी हुआ था। जुनेद / 6 अगस्त