अंतर्राष्ट्रीय
13-Aug-2025
...


वॉशिंगटन (ईएमएस)।ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे के अनुसार, जनवरी 2025 में पोलिश अंटार्कटिक टीम ने इकोलॉजी ग्लेशियर के पास चट्टानों और बर्फ में उनके अस्थि अवशेष और जैसे घड़ी, स्वीडिश चाकू, रेडियो उपकरण और स्की पोल सहित 200 से ज्यादा निजी सामान बरामद किए गए। डीएनए परीक्षण से उनकी पहचान की गई। तब पता चला कि अंटार्कटिका में 66 साल पहले लापता हुए ब्रिटिश वैज्ञानिक डेनिस ‘टिंक’ बेल के अवशेष आखिरकार मिल गए हैं। 25 वर्षीय बेल 26 जुलाई 1959 को किंग जॉर्ज आइलैंड के एडमिरल्टी बे में एक ग्लेशियर पर काम करते हुए गहरी बर्फीली दरार में गिर गए थे। उस समय वे फॉकलैंड आइलैंड्स डिपेंडेंसी सर्वे (अब ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे) में बतौर मौसम वैज्ञानिक काम करते थे। डेनिस बेल के भाई डेविड बेल (86) ने कहा, ‘मैंने तो अपने भाई को खोजने की उम्मीद छोड़ दी थी। यह चमत्कार है, मैं अब भी यकीन नहीं कर पा रहा।’ जुलाई 1959 में बेल और उनके साथी जेफ स्टोक्स डॉगस्लेज़ के साथ एक ग्लेशियर सर्वे मिशन पर निकले थे। अपने थके हुए हस्की कुत्तों का हौंसला बढ़ाने के लिए बेल बिना स्की पहने आगे बढ़ते रहे और फिर अचानक दरार में गिर गए। स्टोक्स ने उन्हें बेल्ट के सहारे ऊपर खींचने की कोशिश की, लेकिन बेल्ट टूट गई और बेल दोबारा गहराई में समा गए। इसके बाद उनकी कोई आवाज नहीं आई और खोज अभियान भी असफल रहा। जलवायु परिवर्तन के चलते अंटार्कटिका के कई ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिससे दशकों पुराने लापता लोगों के शव और सामान सामने आ रहे हैं। इकोलॉजी ग्लेशियर भी इसी प्रक्रिया से गुजर रहा है और इसी वजह से बेल के अवशेष सतह पर आए। ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे की निदेशक जेन फ्रांसिस ने इस खोज को ‘दशकों पुराने रहस्य पर पूर्ण विराम’ बताया और कहा कि यह अंटार्कटिक विज्ञान के इतिहास में निहित मानवीय कहानियों की याद दिलाता है। वीरेंद्र/ईएमएस 13 अगस्त 2025