- चार की हालत नाजुक बेगूसराय (ईएमएस)। जिले के लाखो थाना क्षेत्र अंतर्गत इनियार ढाला के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। होमगार्ड जवानों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार करीब चार दर्जन से अधिक होमगार्ड जवान भी घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बलिया से लगभग चार दर्जन होमगार्ड जवान बस से बेगूसराय पुलिस लाइन जा रहे थे। इनियार ढाला के पास चालक का अचानक नियंत्रण बिगड़ गया और बस ने सामने चल रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खगड़िया जिले के पसहारा निवासी रणबीर कुमार की पत्नी 35 वर्षीय रोशनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनका पति रणबीर कुमार गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद अनियंत्रित बस गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस सवार सभी जवान घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और बचाव कार्य में मदद की। लाखो थाना पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और बस को सड़क किनारे हटाने की कार्रवाई शुरू की। इधर, मृतका के घर में घटना की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण शोक में डूब गए हैं। वहीं घायल जवानों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।