मुंबई (ईएमएस)। अचानक मुंबई के अलग-अलग डांस स्टूडियोज़ में पहुँचकर ग्लोबल स्टार नोरा फतेही ने वहाँ मौजूद डांसर्स को हैरान कर दिया। डांस स्टूडियो में युवा और बच्चे उनकी नई कोरियोग्राफी पर डांस कर रहे थे, जिन्हें देखकर नोरा भावुक हो गईं। उनकी इस अप्रत्याशित मौजूदगी ने आम वर्कशॉप को एक यादगार पल में बदल दिया। फैंस से मिले प्यार और उनकी कहानियों से प्रेरित होकर नोरा ने पहली बार अपनी ‘डांस विद नोरा’ अकादमी खोलने की इच्छा जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह अनुभव उन्हें जल्द से जल्द अपनी अकादमी शुरू करने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनसे मिलकर वह खुद को बेहद भाग्यशाली महसूस करती हैं। नोरा की इस सरप्राइज़ एंट्री के दौरान स्टूडियो का माहौल भावनाओं से भर गया। किसी की आँखों में खुशी के आँसू थे तो कोई अपनी पसंदीदा स्टार को सामने पाकर मुस्कुरा रहा था। खास बात यह रही कि नोरा ने केवल हाथ हिलाकर या तस्वीरें खिंचवाकर फैंस को खुश नहीं किया, बल्कि खुद डांस वर्कशॉप्स में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों और युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर डांस किया और उनकी कहानियाँ सुनीं। यही अपनापन और जुड़ाव उन्हें सबसे अलग बनाता है। उनका ‘डांस विद नोरा’ कैंपेन पहले ही युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर चुका है। वे न सिर्फ उनकी वीडियोज़ को सोशल मीडिया पर रीपोस्ट कर प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि मौके पर पहुँचकर उनकी मेहनत की सराहना भी करती हैं। इसी वजह से उनका फैनबेस और भी मजबूत होता जा रहा है। जहाँ एक ओर उनके गाने ‘ओह मामा! टेटेमा’ की धूम दुनियाभर में मची है और आने वाली फ़िल्म ‘कंचना 4’ उनके करियर को नई ऊँचाइयों पर ले जाने वाली है, वहीं मुंबई के डांस स्टूडियोज़ में उनके सरप्राइज़ विजिट ने दिखा दिया कि स्टारडम उनके लिए केवल ग्लैमर और शोहरत नहीं है। उनके लिए असली मायने उन फैंस के साथ जुड़ाव हैं, जिन्होंने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। सुदामा/ईएमएस 20 अगस्त 2025