राष्ट्रीय
30-Aug-2025


इंदौर (ईएमएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने एक महत्वपूर्ण बयान में कहा है कि भारत बहुत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने इस तेज आर्थिक प्रगति का श्रेय प्रधानमंत्री जन धन योजना को दिया, जिसके तहत देश भर में 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत की आर्थिक विकास दर 7.80% रही, जो पिछले पाँच तिमाहियों में सबसे अधिक है। इंदौर के रंगवासा गांव में आयोजित सरकारी बैंकों के वित्तीय समावेशन अभियान के तहत आयोजित संतृप्ति शिविर में बोलते हुए, मल्होत्रा ने कहा कि 11 साल पहले केंद्र सरकार और आरबीआई ने मिलकर यह योजना शुरू की थी, जिसने देश के कोने-कोने तक विकास की लहर पहुँचाई है। उन्होंने गर्व से कहा कि आज भारत विश्व के पाँच सबसे विकसित देशों में शामिल है, और जल्द ही अमेरिका और चीन के बाद तीसरा सबसे बड़ा आर्थिक केंद्र बन जाएगा। :: वित्तीय समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर :: मल्होत्रा ने बताया कि देश की विकास यात्रा में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जन धन योजना लाई गई। इसके माध्यम से लोगों को बचत, पेंशन, बीमा और ऋण जैसी आवश्यक वित्तीय सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी खाताधारकों से KYC (अपने ग्राहक को जानें) प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया, ताकि वित्तीय धोखाधड़ी और खातों के दुरुपयोग को रोका जा सके। उन्होंने लोगों को डिजिटल साक्षरता अपनाने और UPI जैसे सुरक्षित डिजिटल लेनदेन माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। मल्होत्रा ने देश के विकास में महिलाओं के योगदान की भी सराहना की और कहा कि वे हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। :: 30 सितंबर तक चलेगा विशेष अभियान :: आरबीआई और केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से एक विशेष वित्तीय समावेशन अभियान शुरू किया है, जो 30 सितंबर तक जारी रहेगा। इस अभियान का उद्देश्य नए जन धन खाते खोलना, लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में जोड़ना और मौजूदा खातों का KYC करना है। प्रकाश/30 अगस्त 2025