खेल
01-Sep-2025
...


पुरुष विश्वकप की राशि से भी अधिक हुई दुबई(ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इसी माह के अंत में होने वाले आईसीसी महिला विश्वकप 2025 के लिए इनामी राशि घोषित कर दी है। महिला विश्व कप का आयोजन संयुक्त रुप भारत और श्रीलंका में होगा। आईसीसी ने इस बार इनामी राशि को 297 फीसदी बढ़ा दिया है। अब इनामी राशि के तौर पर 13.88 मिलियन डॉलर की राशि मिलेगी। वहीं अब तक ये 3.5 मिलियन डॉलर थी। ये राशि अब पुरुष विश्वकप में दी जाने वाली राशि से भी अधिक हो गयी है। पुरुष विश्व कप 2023 में कुल इनामी राशि 10 मिलियन डॉलर रखी गई थी, वहीं विजेता टीम ऑस्ट्रेलिया को 4 मिलियन डॉलर जबकि उप-विजेता भारत को 2 मिलियन डॉलर दिये गये थे जबकि महिला विश्वकप की राशि इसकी तुलना में 3.88 मिलियन डॉलर बढ़ाई गई है जो भारतीय रुपए के हिसाब से 34 करोड़ रुपए से भी अधिक है। महिला विश्वकप की विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर यानी 39.54 करोड़ रुपए की ईनामी राशि मिलेगी। वहीं उप-विजेता को 19.77 करोड़ रुपए मिलेंगे। आईसीसी का कहना है कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इनामी राशि बढ़ायी गयी है। महिला टी20 विश्वकप 2024 से पहले आईसीसी ने पुरुष और महिला क्रिकेट के वेतन में समानता लागू की थी। उसी को देखते हुए महिलाओं की इनामी राशि बढ़ायी गयी है। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, इनामी राशि बढ़ाने की घोषणा महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में निर्णायक साबित होगी। पुरस्कार राशि में यह चार गुना वृद्धि महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और इसके दीर्घकालिक विकास के प्रति हमारी स्पष्ट प्रतिबद्धता दिखाती है। हमारा संदेश सरल है, महिला क्रिकेटरों को यह पता होना चाहिए कि अगर वे इस खेल को पेशेवर रूप से चुनेंगी तो उनके साथ पुरुषों के समान व्यवहार किया जाएगा। यह वृद्धि एक विश्वस्तरीय आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप आयोजित करने और खिलाड़ियों और प्रशंसकों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करने की हमारी मंशा को साबित करती है। गिरजा/ईएमएस 01 सितंबर 2025