01-Sep-2025
...


:: इंदौर में कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर विरोध प्रदर्शन, हजारों महिलाओं ने जताया आक्रोश :: :: कांग्रेस नेताओं की तस्वीरों पर जूते मारे :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी, स्व. हीराबेन जी पर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मंच से की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध राजवाड़ा से शुरू होकर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन तक चला, जहां हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि हीराबेन जी ने गहन संघर्ष और चुनौतियों का सामना करते हुए प्रधानमंत्री को देश की सेवा के लिए समर्पित किया। उनका अपमान करके विपक्षी दलों ने न सिर्फ एक महान मां का अपमान किया है, बल्कि पूरे भारत की माताओं और बहनों का भी अपमान किया है, जो अत्यंत निंदनीय और असहनीय है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस ओछी मानसिकता वाले दलों को कभी माफ नहीं करेगी और उन्हें इस पाप का दंड अवश्य भुगतना होगा। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। :: गांधी भवन पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम :: प्रदर्शन के लिए भाजपा महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। यहां महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी बिल्कुल अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और राहुल गांधी तथा जीतू पटवारी की तस्वीरों पर जूते मारकर अपना गुस्सा जाहिर किया। विरोध प्रदर्शन में शहर के सभी विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता रैलियों के रूप में गांधी भवन पहुंचीं, जिससे पूरे शहर में राजनीतिक तनाव का माहौल रहा। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को फ्लॉप शो बताया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर था। प्रकाश/01 सितम्बर 2025