01-Sep-2025
...


:: मध्य प्रदेश का पहला और देश के शीर्ष तीन ग्रीन शहरों में शामिल हुआ इंदौर :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश में अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत किया है। इंदौर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड और इंदौर नगर निगम को भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) से ग्रीन सिटी प्लेटिनम सर्टिफिकेशन मिला है। इस सम्मान के साथ, इंदौर मध्य प्रदेश का पहला और पूरे देश के शीर्ष तीन शहरों में से एक बन गया है, जिसे यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि इंदौर के पिछले कई वर्षों से किए जा रहे सुनियोजित प्रयासों का परिणाम है। शहर ने पर्यावरण हितैषी पहलों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह मुकाम हासिल किया है। पिछले छह महीनों में, शहर के जल प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, ई-गवर्नेंस, हरित आवरण और सार्वजनिक परिवहन जैसे विभिन्न आयामों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित विस्तृत डेटा आईजीबीसी के साथ साझा किया गया, जिसके बाद यह शीर्ष सम्मान प्रदान किया गया। सीआईआई राष्ट्रीय समिति (एमएसएमई) के अध्यक्ष सुनील चोरडिया ने इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह (आईएएस) और नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा (आईएएस) को यह प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि यह सम्मान मध्यप्रदेश सरकार और इंदौर प्रशासन की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। इंदौर ने हरित शहर के रूप में खुद को स्थापित कर न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि इंदौर को भारत के उन चुनिंदा 32 शहरों की श्रेणी में शामिल करती है, जिन्हें आईजीबीसी ने हरित और टिकाऊ शहरी विकास के लिए मान्यता दी है। यह सम्मान इंदौर की पहचान को और सशक्त बनाता है और स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को वैश्विक स्तर पर मान्यता प्रदान करता है। प्रकाश/01 सितम्बर 2025